Prayagraj Mahakumbh 2025 : त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ का पहला अमृत स्नान आज, भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी

Prayagraj Mahakumbh 2025 : महाकुंभ 2025 का आगाज हो चुका है। महाकुंभ का पहला अमृत स्नान आज मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर शुरू हो रहा है। इस दौरान 13 अखाड़ों के साधु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे। इसके बाद आमजन स्नान कर सकेंगे। महाकुंभ मेले का मुख्य आकर्षण शाही स्नान को ही माना जाता है। इसमें सबसे पहले स्नान का अवसर नागा साधुओं को दिया जाता है।
महाकुंभ (Prayagraj Mahakumbh 2025) के पहले दिन करीब 1 करोड़ 60 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई थी. आज भी उम्मीद है कि 1 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगाएंगे. महाकुंभ में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. जगह-जगह पुलिस और अन्य जवान तैनात हैं. धार्मिक ग्रंथो के अनुसार त्रिवेणी संगम पर स्नान करने से कई जन्मों के पाप कट जाते हैं।
क्यों करते हैं पहले नागा स्नान?
धार्मिक मान्यताओं की मानें तो जब देवता और असुर समुद्र मंथन से निकले अमृत कलश की रक्षा के लिए एक-दूसरे से संघर्ष कर रहे थे, तो अमृत की 4 बूंदे कुंभ के 4 जगहों (प्रयागराज, उज्जैन, हरिद्वार और नाशिक) पर गिर गई। इसके बाद यहां महाकुंभ मेले की शुरुआत की गई। नागा साधु भोले बाबा के अनुयायी माने जाते हैं और वह भोले शंकर की तपस्या और साधना की वजह से इस स्नान को नागा साधु सबसे पहले करने के अधिकारी माने गए। तभी से यह परंपरा चली आ रही कि अमृत स्नान पर सबसे पहला हक नागा साधुओं का ही रहता है। नागा का स्नान धर्म और आध्यत्मिक ऊर्जा की केंद्र माना जाता है।

एक अलग मान्यता के मुताबिक, ऐसा कहा जाता है कि आदि शंकराचार्य ने जब धर्म की रक्षा के लिए नागा साधुओं की टोली बनाई, तो अन्य संतों ने आगे आकर धर्म की रक्षा करने वाले नागा साधुओं को पहले स्नान करने को आमंत्रित किया। चूंकि नागा भोले शंकर के उपासक है, इस कारण भी इन्हें पहले हक दिया गया। तब से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। (Prayagraj Mahakumbh 2025)




