नए मेला स्थल में 12 से 26 फरवरी तक होगा राजिम कुंभ कल्प का भव्य आयोजन, जानिए इस बार क्या रहेगा खास

Rajim Kumbha Kalpa 2025: छत्तीसगढ़ के प्रयाग के रूप में प्रसिद्ध राजिम में 12 से 26 फरवरी तक त्रिवेणी संगम में राजिम कुंभ कल्प का भव्य आयोजन किया जाएगा। राजिम कुंभ के भव्य आयोजन नए मेला स्थल में होगा। इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। राजिम कुंभ के आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में हुई बैठक में राजिम विधायक रोहित साहू, बैठक में पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, रायपुर संभाग के आयुक्त महादेव कावरे, गरियाबंद कलेक्टर दीपक अग्रवाल समेत धमतरी, महासमुंद, रायपुर और गरियाबंद जिले के वरिष्ठ अधिकारी, उप संचालक संस्कृति और पुरातत्व विभाग प्रतापचंद पारख समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:- आज बलरामपुर और जशपुर दौरे पर रहेंगे CM साय, तातापनी महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
बैठक में बताया गया कि फरवरी महीने में होने वाले कुंभ कल्प आयोजन लगभग 52 एकड़ क्षेत्र में फैले नया मेला स्थल में होगा। नया मेला स्थल में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। राजिम कुंभ आयोजन स्थल में व्यवस्थित रूप से दुकानों और विभागीय स्टॉल के साथ-साथ मीना बाजार भी लगाए जाएंगे। यहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा हेलीपैड भी बनाया जाएगा। बैठक में संभाग आयुक्त कावरे ने बताया कि राजिम मेला 12 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित की जाएगी। गंगा आरती स्थल से नए मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं के आने-जाने में आसानी होगी। इसके लिए उन्होंने PWD के अधिकारियों को आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट निर्माण, मरम्मत और आसपास साफ सफाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। (Rajim Kumbha Kalpa 2025)
पुराने स्थल में होगा संत समागम और गंगा आरती
बैठक में बताया गया कि पुराने स्थल में सिर्फ संत समागम और गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके अलावा सभी आयोजन और गतिविधियां नए मेला स्थल में आयोजित की जाएगी। पुराने स्थल पर कोई भी अस्थाई दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अस्थाई दुकान नई जगह पर लगाई जाएगी। संभाग आयुक्त कावरे ने नए स्थल पर लगने वाले मीना बाजार और पार्किंग स्थल के लिए टेंडर प्रक्रिया के लिए जरूरी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों का आवंटन SDM की अध्यक्षता में गठित समिति के द्वारा की जाएगी। इसके लिए भी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। राजिम कुंभ कल्प की तैयारी के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति, अस्थाई शौचालय निर्माण, पाइपलाइन और पानी टंकी की तैयारी समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। (Rajim Kumbha Kalpa 2025)

वहीं स्वास्थ्य विभाग को अस्थाई अस्पताल सहित पर्याप्त मात्रा में एंबुलेंस और अन्य मेडिकल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह विद्युत विभाग को लाइटिंग की व्यवस्था, पुलों पर लाइटिंग के साथ सजावट, मेला स्थल में टावर लाइट और पार्किंग स्थल में लाइट की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। वन विभाग को बांस बल्ली की व्यवस्था, जलाऊ लकड़ी, साधुओं के लिए कुटिया निर्माण के लिए घास की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग को नया मेला स्थल में पर्याप्त संख्या में दाल भात केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था, CCTV, कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था के लिए निर्देश दिए गए। नगरीय प्रशासन विभाग को साफ सफाई, कचरा निष्पादन, डस्टबिन की पर्याप्त संख्या समेत मंदिर, धार्मिक स्थलों का रंग रोगन और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। (Rajim Kumbha Kalpa 2025)



