अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1255 कट्टा धान जब्त

Action on illegal Paddy: महासमुंद जिले में खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, एक ट्रैक्टर और ट्रक में अवैध परिवहन करते कुल 975 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इसी तरह बागबाहरा के सीमा जांच चौकी नर्रा (कोमाखान) पर प्रशासन ने 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी उमेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में 23 जनवरी को रात 12 बजे की गई। जांच के दौरान वाहन चालक धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दे सका। इस कारण मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और धान से लदे वाहन को कृषि उपज मंडी समिति बागबाहरा की अभिरक्षा में सौंप दिया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में विभागीय परीक्षा स्थगित, बाद में होगी नई तारीखों की घोषणा, पढ़ें पूरी खबर
इसके अलावा कोमाखान तहसील के बाघामुड़ा समिति में निरीक्षण के दौरान तीन किसानों का धान गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। कुल 170 क्विंटल धान की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उसे वापस लौटा दिया गया। प्रशासन ने यह कदम खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और किसानों को गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उठाया है। अधिकारियों ने कहा है कि धान के अवैध परिवहन और खराब गुणवत्ता वाले धान के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों और व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Action on illegal Paddy)

बता दें कि छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला जारी है। इस बीच प्रदेश में धान खरीदी में पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले साल 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस साल 24 जनवरी तक हुई धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन से पार हो गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसान धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। (Action on illegal Paddy)



