RBI Repo Rate : रेपो रेट में पांच साल बाद की गई कटौती, लोन सस्ते हो सकते हैं, मौजूदा EMI भी कम होगी, पढ़े पूरी खबर
रेपो रेट में 0.25% की कटौती, अब 6.25% पर पहुंचा, मिडिल क्लास को लोन सस्ता होने का मिलेगा फायदा
RBI Repo Rate Cut : रिजर्व बैंक ने मिडिल क्लास को बड़ी राहत देते हुए रेपो रेट में कमी कर दी है। केंद्रीय बैंक ने मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग के बाद शुक्रवार को यह फैसला लिया। इसकी जानकारी रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में 0.25% (25 बेसिस पॉइंट) की कटौती की (RBI Repo Rate Cut) है। इस कटौती के बाद रेपो रेट 6.50% घटकर 6.25% रह गया है। अब लोगों को लोन मिलना सस्ता हो जाएगा। साथ ही उनकी ईएमआई की बोझ भी हल्का होगा।
यह भी पढ़े :- महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों में बहुत गड़बड़ी हुई, राहुल गांधी ने उठाए चुनाव आयोग पर सवाल
आरबीआई ने करीब 5 साल बाद रेपो रेट में कमी की है। पिछली बार मई 2020 में रेपो रेट में 0.40% की कमी की गई थी। हालांकि इसके बाद मई 2022 में रेपो रेट को बढ़ाया था। आखिरी बार रेपो रेट में फरवरी 2023 में बदलाव किया गया था। उस समय इसमें बढ़ोतरी कर इसे 6.50% किया गया था। तब से लेकर पिछली MPC मीटिंग तक इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया था। पिछली मीटिंग दिसंबर 2024 में हुई थी।
Marginal Standing Facility (MSF) को भी 6.75 से 6.50 कर दिया है। इससे बैंकों को जरूरी होने पर RBI से लोन लेने में भी राहत मिलेगी। रिजर्व बैंक ने साल 2026 के लिए GDP ग्रोथ 6.70% और महंगाई दर 4.8% रहने का अनुमान लगाया है।
लोन लेने वालों को क्या फायदा होगा?
रेपो रेट में कटौती का सीधा असर होम लोन, कार लोन और अन्य व्यक्तिगत लोन पर पड़ेगा। बैंक अब कम ब्याज दर पर लोन देंगे, जिससे लोन धारकों की EMI घट जाएगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी ने 9% ब्याज दर पर 30 लाख का होम लोन लिया है, तो इस कटौती से ब्याज दर 8.75% हो सकती है। इससे EMI में करीब 576 रुपये की बचत होगी और कुल ब्याज में 1.39 लाख रुपये की कटौती होगी।
पहले से चल रहे लोन पर क्या असर पड़ेगा?
अगर किसी ने फिक्स्ड इंटरेस्ट रेट पर लोन लिया है, तो इस कटौती का उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन अगर लोन फ्लोटिंग इंटरेस्ट रेट पर है, तो EMI कम हो सकती है। बैंक रेपो रेट घटने के बाद फ्लोटिंग रेट के तहत ब्याज दरों में कमी करते हैं, जिससे पहले से लिए गए लोन की EMI कम हो जाती है। ऐसे में लोन धारकों को अपने बैंक से संपर्क कर ब्याज दरों की नई जानकारी लेनी चाहिए।
भारतीय अर्थव्यवस्था को होगा फायदा
RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि यह फैसला देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लिया गया है। वैश्विक स्तर पर आर्थिक संकट, बढ़ती महंगाई और कमजोर रुपये की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था दबाव में थी। रेपो रेट में कटौती से कर्ज लेने की क्षमता बढ़ेगी, जिससे बाजार में लिक्विडिटी बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
महंगाई और GDP ग्रोथ पर असर
RBI ने इस साल के लिए GDP ग्रोथ 6.4% रहने का अनुमान लगाया है। Q1 में GDP ग्रोथ 6.7%, Q2 में 7%, Q3 में 6.5% और Q4 में 6.5% रहने का अनुमान है। रेपो रेट में कटौती से महंगाई में भी राहत मिलने की उम्मीद है। दिसंबर में खुदरा महंगाई 5.22% थी, जो RBI के 2-6% के लक्ष्य के करीब थी। अब नई फसल आने से खाद्य महंगाई में और गिरावट आ सकती है।
क्या आगे और कटौती हो सकती है?
विशेषज्ञों का मानना है कि RBI आगे भी रेपो रेट में कटौती कर सकता है, अगर महंगाई नियंत्रण में रहती है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता आती है। हालांकि, RBI हर तिमाही अपनी मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में ब्याज दरों की समीक्षा करता है। ऐसे में आने वाले महीनों में अगर महंगाई नियंत्रित रही, तो और कटौती संभव हो सकती है।



