अरविंद केजरीवाल चौथी बार भारी बहुमत के साथ बनेंगे मुख्यमंत्री: CM आतिशी मार्लेना
CM Atishi Marlena: दिल्ली CM और कालकाजी से AAP उम्मीदवार आतिशी ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि ये कोई साधारण चुनाव नहीं रहा। ये अच्छाई और बुराई की लड़ाई रही है। ये काम और गुंडागर्दी के बीच लड़ाई रही है। मुझे विश्वास है कि कालकाजी के लोग और पूरी दिल्ली के लोग अच्छाई के साथ खड़े होंगे, काम के साथ खड़े होंगे। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होंगे। अरविंद केजरीवाल चौथी बार भारी बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बनेंगे। AAP नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं। सरकार बन रही है अभी हमें दिल्ली के लोगों के लिए और काम करना है। बच्चों की शिक्षा के लिए और काम करना है।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में 26 साल बाद खिल सकता है ‘कमल’, रुझानों में BJP को बहुमत, केजरीवाल समेत कई आप नेता पीछे
AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पिछले 10 साल में जिस तरह से अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के लिए काम किया है, शिक्षा, बिजली, पानी आदि के लिए जो काम किया है। उसे देखते हुए हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली की जनता ने इस अच्छे काम को आगे बढ़ाने के लिए, सुशासन, काम की राजनीति के लिए वोट दिया है और हमारी सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। पटेल नगर से AAP उम्मीदवार प्रवेश रतन ने कहा कि हमें अच्छे नतीजे देखने को मिलेंगे। AAP दिल्ली में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हमें यकीन है कि लोगों ने विकास की राजनीति के लिए वोट दिया है। अरविंद केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा है और जनता ने उन्हें जवाब दिया है। (CM Atishi Marlena)
11 साल लोगों की सेवा की: सोमनाथ
मालवीय नगर से AAP विधायक और उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने कहा कि मैंने 11 साल लोगों की सेवा की है, इसलिए मुझे न तो चुनाव की चिंता है और न ही नतीजों की। एग्जिट पोल भाजपा मुख्यालय में बनते हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने चुनाव नतीजों से पहले मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार को हटाने के लिए तमाम शक्तियों का प्रयोग किया गया, चाहे वह इनकम टैक्स हो, ED, CBI, चुनाव आयोग हो, आम आदमी पार्टी को हराने के लिए सारी शक्तियों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन जनता का आशीर्वाद आम आदमी पार्टी की सरकार के साथ है। मुझे विश्वास है कि भाजपा की तमाम कोशिशों के बावजूद जनता चौथी बार अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। हमारा कांग्रेस के साथ न तो कोई गठबंधन होगा और न ही हमें इसकी जरूरत है। आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता की ताकत से अपनी सरकार बनाने जा रही है। (CM Atishi Marlena)
कांग्रेस जनता का साथ नहीं छोड़ेगी: लांबा
कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार विकास बग्गा ने कहा कि हम चुनाव में जनता के बीच गए, जनता आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल के काम से बहुत खुश है और इस बार भी पूर्ण बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने कहा कि हमने जनता के बीच रहकर, जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ा है। अब दिल्ली जो भी फैसला लेगी, हम उसे स्वीकार करेंगे, लेकिन कांग्रेस तब तक जनता का साथ नहीं छोड़ेगी, जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता। यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक समस्याएं हल नहीं हो जातीं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि दिल्ली के लोग प्रदूषण से राहत, महिलाओं की सुरक्षा और बेहतर बुनियादी ढांचा चाहते हैं। कांग्रेस और उसके नेता दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगे। खरीद-फरोख्त की बातें हो रही हैं, इस तरह की राजनीति नहीं की जानी चाहिए। (CM Atishi Marlena)



