छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज, 11 फरवरी को होगा मतदान, पढ़ें पूरी खबर
Last Day of Campaigning: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को मतदान होंगे, जिसके नतीजे 15 फरवरी को आएंगे। ऐसे में प्रचार का शोर आज थम जाएगा। प्रत्याशी 9 फरवरी की रात 12 बजे तक ही चुनाव प्रचार कर सकेंगे। हालांकि रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अनुमति नहीं है। मतदान के ठीक एक दिन पहले यानी 10 फरवरी को सार्वजनिक सभाएं, जुलूस, नुक्कड़ सभाएं और लाउडस्पीकर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नेता और प्रत्याशी सिर्फ डोर-टू-डोर प्रचार कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- RAIPUR : VIP रोड हाईप्रोफाइल सड़क हादसा! रशियन युवती को पुलिस ने लिया रिमांड पर, बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं। मतदाता अपना मत देने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग की ओर से जारी निर्वाचक फोटो पहचान पत्र दिखाएंगे। बलरामपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कटारा ने बताया है कि अगर कोई निर्वाचक फोटो पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है तो राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उनके लिए 18 वैकल्पिक दस्तावेज भी अनुमत किए गए हैं। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित 18 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। (Last Day of Campaigning)
ये है 18 वैकल्पिक फोटो पहचान
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदाय किया गया मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र सरकार या राज्य सरकार या लोक उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों के अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंकों, डाकघरों से जारी फोटोयुक्त पासबुक, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई से जारी स्मार्ट कार्ड, स्वतंत्रता सेनानी फोटोयुक्त पहचान पत्र, केन्द्र या राज्य माध्यमिक शिक्षा मंडल से जारी 10वीं और 12वीं की फोटोयुक्त अंकसूची, बार कौंसिल से अधिवक्ताओं को जारी फोटोयुक्त परिचय पत्र, फोटोयुक्त विकलांगता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, महाविद्यालय या विद्यालय से जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लाइसेंस, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग से सॉफ्टवेयर एसईसी-ईआर की ओर से ऑनलाइन जनरेटेड मतदाता पहचान पर्ची शामिल है। मतदाता इनमें से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे। (Last Day of Campaigning)



