बीजापुर मुठभेड़ में 31 नक्सली ढेर, CM साय ने कहा- अब गनतंत्र से गणतंत्र की ओर आगे बढ़ रहा बस्तर
CM Sai on Naxalism: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलता को नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के लिए एक बड़ा कदम बताया है। साथ ही कहा कि बस्तर अब गनतंत्र से गणतंत्र की ओर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व को इस सफलता की बुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा।
यह भी पढ़ें:- New Income Tax Bill 2025: आज लोकसभा में पेश हो सकता है नया इनकम टैक्स बिल, कैबिनेट की मिल चुकी है मंजूरी
CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीति और प्रभावी रणनीति के कारण सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है और हम लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। दरअसल, बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को मार गिया है, जिसे मुख्यमंत्री ने एक बड़ी सफलता करार दिया और वीर जवानों की बहादुरी को नमन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल के जवानों ने नक्सलियों के गढ़ में घुसकर जिस प्रकार इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह उनकी असाधारण वीरता और रणनीतिक दक्षता को दर्शाता है। CM साय ने इस मुठभेड़ में दो जवानों की शहादत और दो जवानों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। (CM Sai on Naxalism)
अब निर्णायक मोड़ पर छत्तीसगढ़: CM साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब निर्णायक मोड़ पर है। नक्सलवाद की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अब प्रदेश में सिर्फ विकास, शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होगा। हम 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त कर देंगे। यह सिर्फ एक घोषणा नहीं, बल्कि सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता और प्रदेश के हर नागरिक से किया गया वादा है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की सफलता और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से अब बस्तर में सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की दस्तक सुनाई दे रही है। (CM Sai on Naxalism)



