Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर की बढ़ सकती है मुश्किलें, ACB-EOW ने भेजा नोटिस

Notice to Ejaz Dhebar: रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर की मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल, ACB-EOW ने ढेबर को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया है। बता दें कि जनवरी 2024 में ED ने ACB-EOW जांच एजेंसी में एजाज ढेबर के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। उन पर IAS अनिल टुटेजा, तत्कालीन MD AP त्रिपाठी, उनके भाई अनवर ढेबर के जरिए शराब घोटाला करने का आरोप लगा है। जांच में मिले तथ्य के आधार पर एजाज ढेबर और करीबी रिश्तेदारों को नोटिस भेजा गया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ में 2161 करोड़ के शराब घोटाले को लेकर जांच चल रही है। 

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने की छत्तीसगढ़ के जवानों की तारीफ, कहा- शहीदों का सदा ऋणी रहेगा देश

जानकारी के मुताबिक ढेबर ने निगम चुनाव में व्यस्त होने का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए समय मांगा है। शराब घोटाले में पूर्व महापौर के बड़े भाई अनवर ढेबर को एजेंसियों ने घोटाले का मास्टरमाइंड बताया है। वे इस मामले में लंबे समय से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। वहीं इस मामले में EOW और प्रवर्तन निदेशालय की टीम भी जांच कर रही है। 2 साल पहले ED ने एजाज ढेबर को पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया था। ED के समन पर ढेबर प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर स्थित दफ्तर पहुंचे थे। दरअसल, मार्च 2023 में एजाज ढेबर के घर पर ED ने छापा मारा था। उस समय ED ने उनसे लगभग 11 घंटे तक पूछताछ की थी। ढेबर के ED दफ्तर जाने पर उनके समर्थक और बड़ी संख्या में महिलाएं ED दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गई थी। साथ ही जमकर हंगामा किया था। (Notice to Ejaz Dhebar)

इसी मामले में लखमा भी जेल में बंद

बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में ही पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को रायपुर की जेल में बंद किया गया है। ED ने उन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। वहीं 4 फरवरी को EOW की कोर्ट में लखमा ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। EOW की कार्रवाई से बचने के लिए लखमा के वकील ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इसी मामले में कई प्रशासनिक अधिकारी पहले से जेल में बंद है। शराब घोटाला को लेकर बीजेपी ने भी विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनाया था। वहीं सत्ता में आने के बाद जांच तेज कर दी है। (Notice to Ejaz Dhebar)

Back to top button
error: Content is protected !!