केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने की छत्तीसगढ़ के जवानों की तारीफ, कहा- शहीदों का सदा ऋणी रहेगा देश

Amit Shah on Naxalism: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। इस दौरान 2 जवान शहीद और 2 घायल भी हुए हैं। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है। यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति भावपूर्ण संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में थमा चुनाव प्रचार, आज डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे प्रत्याशी
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि मैं फिर यह संकल्प दोहराता हूं कि 31 मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे, ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गंवानी पड़े। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर अब गनतंत्र से गणतंत्र की ओर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व को इस सफलता की बुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा। (Amit Shah on Naxalism)
नक्सलवाद की उल्टी गिनती शुरू: CM साय
CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीति और प्रभावी रणनीति के कारण सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है और हम लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब निर्णायक मोड़ पर है। नक्सलवाद की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अब प्रदेश में सिर्फ विकास, शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होगा। हम 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त कर देंगे। यह सिर्फ एक घोषणा नहीं, बल्कि सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता और प्रदेश के हर नागरिक से किया गया वादा है। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बीजापुर नेशनल पार्क एरिया में सुरक्षाबल के जवानों ने मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को ढेर किया है। सभी वर्दीधारी थे, उनके पास एके 47, इंसास, बीजीएल लॉन्चर सहित ऑटोमैटिक हथियार बरामद हुए हैं। इस ऑपरेशन में दुर्भाग्यवश हमारे 2 जवान शहीद हुए हैं। उनको मैं शत्-शत् नमन करता हूं। यह उनका सर्वोच्च बलिदान है। (Amit Shah on Naxalism)



