छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के लिए मतगणना शुरू, 2 बजे तक साफ हो जाएगी पूरी तस्वीर

Counting in Chhattisgarh 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। दरअसल, प्रदेश के 10 नगर निगमों को आज नए महापौर मिलने जा रहे हैं। बता दें कि 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 113 नगर पंचायत में 11 फरवरी को वोटिंग हुई थी। जबकि बसना नगर पंचायत में बीजेपी प्रत्याशी निर्विरोध जीत गई थी। दोपहर 2 बजे तक शहर सरकार को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। सबसे पहले महापौर के नतीजे आएंगे। इसके बाद पार्षदों के नामों की घोषणा की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- महाकुंभ के सामने दुनियाभर के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त, अब तक 50 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक चुनाव वाले नगरीय निकायों में मतदाताओं की कुल संख्या 44 लाख 75 हजार 703 है। इस बार राज्य में औसत मतदान 72.48 प्रतिशत रहा। मतगणना स्थल पर लैपटॉप, आई पैड, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, पान, बीड़ी, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित है। सिर्फ पेन, पेंसिल, कैल्कुलेटर ले जाया जा सकता है। इधर, रायगढ़ जिले में निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं 118 अधिकारी-कर्मचारियों को चुनाव प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर ने की कार्रवाई
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने बताया कि काश्मीर कुजूर (माध्यमिक शाला आश्रम तेंदुमुड़ी) और अखिल शर्मा (प्राथमिक शाला बालक, हमालपारा) को रायगढ़ नगर निगम के मतदान दल में नियुक्त किया गया था, लेकिन 10 फरवरी को केआईटी रायगढ़ परिसर में मतदान सामग्री वितरण के दौरान दोनों शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खरसिया निर्धारित किया गया है। मतदान दलों के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिसके लिए कई चरणों में प्रशिक्षण आयोजित किए गए। ट्रेनिंग से गायब रहे 118 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।



