New Delhi Railway Station Stampede : दिल्ली भगदड़ पर गुस्साया विपक्ष, कांग्रेस ने रेल मंत्री का मांगा इस्तीफा

New Delhi Railway Station Stampede : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज जाने वाली ट्रेन के प्लैटफ़ॉर्म में बदलाव की गलत घोषणा से भ्रम की स्थिति पैदा हुई, जिसके कारण भगदड़ मची। अब इस घटना को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला बोला है।
ये भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की जीत NDA सरकारों में जनता-जनार्दन के अगाध विश्वास की प्रतीक: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
कांग्रेस ने रेल मंत्री का मांगा इस्तीफा
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की घटना पर कांग्रेस ने कहा है कि रेलवे की नाकामी के टलते 18 लोगों की मौत हुई है. प्रशासन की गैर जिम्मेदारी से हादसा (New Delhi Railway Station Stampede) हुआ. रेल मंत्री को पद पर रहने का कोई हक नहीं है. दो सदस्यीय कमेटी हादसे की जांच कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भी दागे सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, ‘कल रात फिर एक भगदड़ मची. फिर लाचार श्रद्धालुओं की मौतें हुई. यह देश की राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुआ. सरकार को कभी इस बात की फिक्र नहीं है कि कैसे इन मौतों को रोका जाए. सरकार की हमेशा यही चिंता रहती है कि कैसे इन मौतों की खबरों को रोका जाए।
पवन खेड़ा ने कहा, ‘भगदड़ के बाद ऑपरेशन लीपा पोती चलाया गया. ️एक टोल फ्री फोन नंबर क्यों नहीं जारी किया गया जिस से लोगों को अपने लापता परिजनों की जानकारी मिल सके? ‘ उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्लेटफॉर्म्स पर यह दुर्घटना घटी, वहां की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि भगदड़ के पहले व बाद के घटनाक्रम से जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
मल्लिकार्जुन खरगे ने की ये मांगें
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने एक ट्वीट में लिखा है, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से कई लोगों की मृत्यु हो जाने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. स्टेशन से आ रहे वीडियो बेहद हृदयविदारक हैं. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई मौतों के मामले में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा सच्चाई छिपाने की कोशिश बेहद शर्मनाक व निंदनीय है. हमारी मांग है कि मृतकों व घायलों की संख्या जल्द से जल्द घोषित की जाए व गुमशुदा लोगों की पहचान भी सुनिश्चित की जाए. पीड़ितों के परिजनों को हमारी गहरी संवेदनाएं. घायलों को तत्काल इलाज हेतु स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
घटना पर राजनीति नहीं, जांच होनी चाहिए- संजय कुमार झा
JDU सांसद संजय कुमार झा ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा, “यह एक दुखद घटना है. बिहार सरकार लगातार हालात का जायजा ले रही है. हम रेलवे के साथ भी संपर्क में हैं. किसी भी व्यक्ति की जान जाना एक दुखद बात है. इस घटना पर राजनीति नहीं, जांच होनी चाहिए कि यह घटना आखिर किस वजह से हुई है।
रेल मंत्री को हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए : लालू यादव
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ को लेकर पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव का बयान सामने आया है. लालू ने कहा कि रेल मंत्री को हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. इस हादसे मे 18 लोगों की मौत हुई है। (New Delhi Railway Station Stampede)



