Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर घमासान, कांग्रेस और बीजेपी ने की अपने-अपने जीत के दावे

Panchayat Election in CG: छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के 2 चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं, जिनके नतीजे भी लगातार सामने आ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने जीत के दावे किए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पहले चरण के सामान ही दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली है। दूसरे चरण के तहत 138 जिला पंचायतों में चुनाव हुए, जिसमें से 89 कांग्रेस समर्थित सदस्य जीते। इसी तरह 899 जनपद सदस्यों में से 548 में कांग्रेस समर्थित ने जीत दर्ज की। इसी तरह 3 हजार 774 जगहों में से 2780 सीटों पर कांग्रेस समर्थित सरपंच चुनाव जीतकर आए हैं। 

यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार हिंसा : 7 महीने बाद जेल से रिहा हुए विधायक देवेंद्र यादव, भीम-आर्मी प्रदेश अध्यक्ष समेत 112 लोगों को भी मिला बेल

वहीं भाजपा पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाले कांग्रेस खुद की इज्जत बचाने जीत के झूठे दावे कर रहे हैं। कांग्रेस जीत का दावा तो करती है, लेकिन आंकड़ों का ज्ञान नहीं रहता। दो चरण के चुनाव में ही भाजपा 11 जिलों में स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर चुकी है। पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के 160 सीटों में से 125 सीट पर भाजपा समर्थित जीते हैं। इसी तरह दूसरे चरण में 124 सीटों में से 97 सीटों पर भाजपा और हमारे समर्थित लोग चुनाव जीते है। इस तरह पहले चरण में जिला पंचायत में हमारा स्ट्राइक रेट 75 प्रतिशत था और दूसरे चरण में हमारा स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत है। जनपद और सरपंच में भी सर्वाधिक बहुमत भाजपा के पक्ष में आए हैं। (Panchayat Election in CG)

दूसरे चरण में शांतिपूर्ण हुआ मतदान

इधर, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत दूसरे चरण में बलरामपुर विकासखंड में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हुआ। जिले के विकासखंड बलरामपुर में कुल 89.14 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में सभी वर्गों बुजुर्गों, महिलाओं, युवा मतदाताओं के साथ नए मतदाताओं ने उत्साह पूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजनांदगांव में भी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के तहत दूसरे चरण में जनपद पंचायत छुरिया क्षेत्र अंतर्गत 118 पंचायतों के 298 मतदान केन्द्रों में जिला पंचायत सदस्य के 3 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 25 पद, सरपंच के 118 पद एवं पंच के 1521 पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। ग्रामीण मतदाताओं में मतदान के लिए बहुत उत्साह रहा।  (Panchayat Election in CG)

Back to top button
error: Content is protected !!