Google Analytics —— Meta Pixel

विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता के बीच जाकर जीता लोगों का दिल, छत्तीसगढ़ में विष्णु के सुशासन के 14 माह

हर्षलता लोन्हारे
Birthday of Chief Minister Vishnu Dev Sai : छत्तीसगढ़ की खूबसूरत वादियों में स्थित जशपुर जिले के ग्राम बगिया में जन्म लेने वाले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सज्जनता और सहृदयता के एक उज्ज्वल प्रतीक हैं। मात्र 14 माह में अपने मुख्यमंत्रित्व काल में छत्तीसगढ़ राज्य में विकास का एक नया आयाम गढ़ने वाले तथा राज्य के नागरिकों के दिलों में राज करने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपनी लोकप्रियता के शिखर पर विद्यमान है। विष्णुदेव साय जनता के बीच के एक ऐसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं जिनकी सहृयता और दूरगामी योजनाओं से प्रदेश में विकास और प्रगति की राह आसान हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आदिवासी समाज और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। आदिवासी समाज से आने वाले वे प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री हैं।

यह भी पढ़े :- CG Cabinet Meeting: आज साय कैबिनेट की होगी मीटिंग, सुबह 11:30 बजे से मंत्रालय में होगी बैठक

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की सरकार ने 14 माह के भीतर छत्तीसगढ़ के किसान भाइयों के खाते में एक लाख करोड़ रुपए अंतरित कर उन्हें उत्साह से भर दिया है। धान खरीदी समाप्त होने के 10 दिन के भीतर किसानों को अंतर की राशि का भुगतान कर दिया गया है। एक लाख करोड़ रुपए किसानों के खाते में आने से वे खेती किसानी में भरपूर निवेश कर रहे हैं और इससे बाजार भी गुलजार हुए हैं जिससे शहरी अर्थव्यवस्था पर सीधा असर दिख रहा है। ट्रैक्टर आदि की बिक्री ने रिकार्ड आंकड़ा छू लिया है। धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई। इस साल 25 लाख 72 हजार किसानों ने रिकॉर्ड 149 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान बेचा।

उन्होंने अपने 14 माह के संक्षिप्त कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को देश में एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। बहुत कम समय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता के बीच जाकर पूरे प्रदेश की जनता का विश्वास जीता है और न केवल विश्वास जीता है बल्कि उनके हित को ध्यान में रखकर उन्होंने ऐसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है जिससे छत्तीसगढ़ का समग्र विकास सम्भव हो पाया है। यह केवल और केवल विष्णु देव साय जैसे एक संवेदनशील, कर्मठ तथा ऊर्जावान मुख्यमंत्री ही सम्भव कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना जैसी एक लाभकारी योजना की सौगात दी है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की राशि दी जाती है जिससे वे स्वावलंबी बन सके एवं स्वयं का रोजगार भी प्रारंभ कर सके। साथ ही प्रदेश भर के किसानों को 2 साल का बकाया बोनस और 3100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी जैसे वादों को पूरा कर छत्तीसगढ़ के किसानों का मान बढ़ाया है।

सरकार गठन के बाद विधानसभा की एक सीट के उप चुनाव और हाल ही में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त हुआ। प्रदेश में अब ट्रिपल इंजन की सरकार से प्रदेश के साथ-साथ नगरों का सर्वांगीण विकास होगा।

मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लागू की गई सुरक्षा और विकास की रणनीति तथा हमारे सुरक्षा बलों के जवानों के हौसले और बहादुरी से नक्सलवाद एक छोटे से दायरे में सिमट कर रह गया है। इन क्षेत्रों में स्थापित सुरक्षा कैंपों के पांच किलोमीटर के दायरे के गांवों तक राज्य और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियद नेल्ला नार योजना लागू की गई है। जिससे इन इलाकों में भी विकास की किरण पहुंचाने में सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने प्रदेश के हर वर्ग की बुनियादी सुविधाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पीएम आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, अखरा निर्माण योजना जैसी योजनाओं का शुभारम्भ किया है और जनता के बीच अपनी एक अलग छवि निर्मित की है।

छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति विकासशील छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उद्योगों के लिए विभिन्न स्वीकृतियां देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। नई औद्योगिक नीति से इंवेस्टर प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। जिसके तहत शिक्षा को रोजगार परक बनाया गया है। स्थानीय भाषा में बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के प्रावधान किए गए हैं। पीएम श्री योजना के तहत 341 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां उत्कृष्ट प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास रूम की सुविधा बच्चों को उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्कूलों में विशेष अवसर पर न्योता भोज का भी आयोजन शुरू किया गया है। न्योता भोज सामुदायिक भागीदारी पर आधारित एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से स्कूल के बच्चों को समाज से जोड़ा जा सके एवं उनके भीतर समानता की भावना विकसित की जा सके।

पीएससी की परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया गया है, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है। इससे युवाओं का पीएससी पर भरोसा कायम हुआ है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जनता के बीच और हर समुदाय के बीच एक ऐसा पुल बनाना जानते हैं जिससे सभी एक-दूसरे से जुड़ सके और सभी प्रदेश के हित में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह भी कर सके। उन्होंने अपने जीवन का बहुमूल्य समय प्रदेश की जनता को समर्पित कर यह सिद्ध कर दिया है कि उनका जीवन केवल उनका नहीं है अपितु प्रदेश की जनता की निःस्वार्थ सेवा के लिए समर्पित है। वे सही मायने में एक ऐसे जननेता हैं जिनके लिए जनता ही सब कुछ है। ऐसे सेवाभावी और लोकप्रिय जनसेवक बहुत कम होते हैं, जिनके लिए जनता का विकास और जनता का साथ ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। (Birthday of Chief Minister Vishnu Dev Sai)

यह सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरवान्वित होने का विषय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उनके अपने बीच के लोकप्रिय नेता हैं, जिनके लिए प्रदेश की जनता की खुशहाली ही सर्वाेपरि है। (Birthday of Chief Minister Vishnu Dev Sai)

Back to top button
error: Content is protected !!