रेत से भरे ट्रक ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में 7 लोगों की मौके पर मौत

Patna Road Accident: बिहार की राजधानी पटना में भीषण हादसा हुआ है, जहां मसौढ़ी में रेत लोड ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां पानी भरे गड्ढे में गिर गई। ट्रक ऊपर और ऑटो उसके नीचे दबा हुआ था। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने JCB की मदद से शवों को बाहर निकाला। हादसा मसौढ़ी-नौबतपुर मार्ग पर धनीचक मोड़ पर हुआ है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आचार संहिता खत्म, प्रदेशभर में फिर शुरू होंगे विकासकार्य, पढ़ें पूरी खबर
मसौढ़ी के SDO ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया गया। गाड़ी के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक ऑटो में सवार सभी लोग मजदूर थे, जो पटना से मजदूरी करके तारेगना स्टेशन पर उतरे। फिर स्टेशन से ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इस बीच पितवांस की ओर से जा रहे ट्रक का एक्सेल टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गया। इसके बाद दोनों वाहन पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। (Patna Road Accident)
6 मजदूर और ऑटो चालक की मौत
ग्रामीणों के मुताबिक खराट गांव के मजदूर रोजाना अपने गांव से ट्रेन पकड़कर पटना मजदूरी करने जाते हैं, जो रविवार देर रात पटना से मजदूरी करके तरेगना स्टेशन में उतरे थे। वहां से ऑटो पड़कर अपने गांव खराट जा रहे थे। इसी बीच नूरा बाजार के पास हादसा हो गया। ऑटो में करीब 12 मजदूर सवार थे, जिसमें से 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में से 5 लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों में डोरीपर के रहने वाले 25 साल के मतेंद्र बिंद, 30 साल के विनय बिंद, 38 साल के उमेश बिंद, 52 साल के रमेश बिंद और हांसाडीह के रहने वाले 35 साल के ऑटो ड्राइवर सुशील कुमार शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। (Patna Road Accident)



