Google Analytics —— Meta Pixel

भूतेश्वरनाथ महादेव के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, रंग-गुलाल से भोलेनाथ का हुआ अभिषेक

गरियाबंद, छत्तीसगढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर गरियाबंद के प्रसिद्ध ऐतिहासिक भूतेश्वरनाथ महादेव (Bhuteshwar Mahadev) मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गुंजायमान हो गया। देर रात तक श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में एकत्रित होकर भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना में लीन रहे।

यह भी पढ़े :- ICC ODI Ranking: विराट की टॉप 5 में वापसी, शुभमन गिल नंबर वन पर बरकरार

भक्तों ने रंग और गुलाल उड़ाकर शिवलिंग का अभिषेक किया, जिससे पूरा शिवलिंग विविध रंगों से सराबोर हो उठा। महादेव की आराधना के साथ-साथ भव्य आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिससे भक्तों के उत्साह में कई गुना बढ़ोतरी हुई।

शिवभक्ति से रंगा शहर, गूंजा ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष

महाशिवरात्रि से एक दिन पहले ही पूरे गरियाबंद शहर में उत्साह का माहौल नजर आने लगा था। मंगलवार से ही श्रद्धालु हाथों में गुलाल लेकर सड़कों पर “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारे लगाते रहे। बुधवार तड़के से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ने लगा था।

विशेष व्यवस्था के बीच हुआ शिवलिंग का अभिषेक

महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रशासन द्वारा विशेष बैरिकेडिंग की गई। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए हजारों भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाएं भगवान शिव के समक्ष रखीं।

रोहरा परिवार द्वारा विशाल महाभंडारा आयोजित

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रोहरा परिवार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर समिति के सदस्य अजय रोहरा ने बताया कि महाशिवरात्रि हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। उन्होंने बताया, “इस दिन उपवास रखने और शिवलिंग का अभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा आत्मशुद्धि के साथ मोक्ष की प्राप्ति होती है।”

श्रद्धालुओं ने साझा किए भावुक अनुभव

इस मौके पर श्रद्धालु प्रकाश सरवैया भी अपने पूरे परिवार के साथ देर रात मंदिर पहुंचे। उन्होंने कहा, “हम हर साल भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर आते हैं। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा हमें विशेष शांति और आनंद प्रदान करती है। जब हम शिवलिंग पर गुलाल चढ़ाते हैं तो ऐसा प्रतीत होता है कि भोलेनाथ स्वयं हमारी भक्ति और श्रद्धा स्वीकार कर रहे हैं। (Bhuteshwar Mahadev)

गरियाबंद में महाशिवरात्रि का पर्व इस बार भी पूरे धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां दिनभर से लेकर देर रात तक शिवभक्त भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहे। (Bhuteshwar Mahadev)

Back to top button
error: Content is protected !!