महाकुंभ का आयोजन भारतीय परंपराओं की गौरव गाथा को विश्वपटल पर नए आयाम प्रदान कर रहा: CM योगी

CM Yogi on Mahakumbh: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट के मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट पर पूजा की। इसे लेकर CM ने ट्वीट कर कहा- देवि सुरेश्वरि भगवति गङ्गे, त्रिभुवनतारिणि तरलतरङ्गे। शङ्करमौलिविहारिणि विमले, मम मतिरास्तां तव पदकमले॥ तीर्थराज प्रयाग में पुण्य प्रदायिनी मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भगवती भागीरथी से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं को पावन महाकुंभ का पुण्य प्राप्त हो, चराचर जगत में सभी का कल्याण हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के साथियों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा भी लिया।
सभी ने अरैल घाट पर झाड़ू लगाई और गंगा नदी से कचरा निकाला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन, प्रतिबद्ध स्वच्छता दूतों की सतत सेवा से स्वच्छ और सुव्यवस्थित महाकुंभ 2025 की परिकल्पना सिद्ध हुई है। प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान में अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ सहभाग किया। महाकुंभ के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों का हार्दिक आभार और अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर विभाग ने अपने स्तर पर इस आयोजन में भरपूर सहयोग किया। महाकुंभ के बहाने प्रयागराज एक स्मार्ट सिटी के रूप में चमक रहा है। मैं प्रयागराजवासियों का भी अभिनंदन करूंगा कि उन्होंने पिछले 2 महीनों के अंदर बिना किसी संकोच के इस आयोजन को अपने घर का आयोजन माना। (CM Yogi on Mahakumbh)
महाकुंभ की पूर्णाहुति हुई: CM योगी
CM योगी ने कहा कि कल महाकुंभ की पूर्णाहुति हुई। आस्था का इतना बड़ा समागम दुनिया के अंदर कहीं नहीं हुआ। कोई घटना नहीं हुई। विरोधी दूरबीन और माइक्रोस्कोप लगाकर बैठे हुए थे, फिर भी वे घटनाएं उजागर नहीं कर पाए। दुष्प्रचार का कोई मौका उन्होंने नहीं छोड़ा। CM योगी ने महाकुंभ से जुड़े स्वच्छता कर्मियों को 10 हजार बोनस का ऐलान भी किया। साथ ही कहा कि जिन स्वच्छता कर्मियों को 8 से 11 हजार रुपए महीने के मिलते थे, इसे अप्रैल से बढ़ाकर 16 हजार करेंगे। (CM Yogi on Mahakumbh)

उत्तरप्रदेश सरकार ने महाकुंभ के दौरान सबसे बड़े सफाई अभियान का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है, जिसका पुरस्कार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने प्राप्त किया। इसे लेकर CM योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में संपन्न महाकुंभ का आयोजन भारतीय परंपराओं की गौरव गाथा को विश्वपटल पर नए आयाम प्रदान कर रहा है। सनातन संस्कृति की दिव्य आभा से दीप्त इस विराट आयोजन ने सबसे ज्यादा लोगों द्वारा एक साथ नदी की सफाई करने, सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं द्वारा एक साथ एक जगह पर सफाई करने और 8 घंटे में सबसे ज्यादा लोगों द्वारा हैंड प्रिंट पेंटिंग करने का कीर्तिमान ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में स्थापित कर एक नया इतिहास रचा है। (CM Yogi on Mahakumbh)

उन्होंने कहा कि महाकुंभ में जनसहभागिता और स्वच्छता समेत कला के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक प्रयासों को रेखांकित करती यह उपलब्धियां स्वच्छता, सुरक्षा-सुव्यवस्था का दीर्घकालिक प्रतीक बनकर हम सभी को निरंतर प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी। ‘एकता के महाकुंभ’ को ‘रिकॉर्ड का महाकुंभ’ बनाने वाले सभी कार्मिकों और महानुभावों का हार्दिक अभिनंदन है। CM योगी ने महाकुंभ के सफल आयोजन के बाद स्वच्छताकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान, स्वच्छ कुम्भकोष समेत आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र का वितरण किया। इसके साथ ही प्रयागराज के नाविकों और उत्तरप्रदेश परिवहन विभाग के चालकों- परिचालकों के साथ संवाद किया। (CM Yogi on Mahakumbh)

मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में स्वच्छताकर्मियों के साथ सहभोज कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित महाकुंभ-2025 हमारे स्वच्छता दूतों की अविराम श्रम साधना एवं प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। दिव्य और भव्य महाकुंभ की संकल्पना को साकार करने में सहभागी सभी कर्तव्यनिष्ठ स्वच्छता कर्मियों का हार्दिक अभिनंदन। इसके अलावा CM योगी, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, DGP प्रशांत कुमार समेत प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों और अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के खाना भी खाया। योगी के दोनों बगल दो कर्मचारी बैठे थे। उसके बगल में दोनों डिप्टी CM बैठे थे। (CM Yogi on Mahakumbh)

PM मोदी ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे मंत्रिमंडल की तारीफ की है। इस पर CM योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी यह आपके मार्गदर्शन का ही सुफल है कि ‘एकता, समता, समरसता का महायज्ञ’ महाकुंभ-2025, प्रयागराज भव्यता-दिव्यता के साथ सुरक्षा-स्वच्छता-सुव्यवस्था के नवीन मानक गढ़कर संपन्न हो गया है। 45 पुण्य दिवसों में पूज्य साधु-संतों समेत 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाकर कृतार्थ हुए हैं। सकल विश्व को ‘सभी जन एक हैं’ का अमृत संदेश देने वाला यह मानवता का महोत्सव ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के पुण्य भाव के साथ संपूर्ण विश्व को एकता के सूत्र में पिरो रहा है। आपका मार्गदर्शन और शुभेच्छाएं हम सभी को सदैव नई ऊर्जा प्रदान करती हैं, हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी। हर हर-गंगे, भगवान बेनी माधव की जय।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी CM योगी को फोन करके बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि मैंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा कर प्रयागराज महाकुंभ के ऐतिहासिक और भव्य आयोजन के सफल समापन पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। यह भव्य और विराट आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं की अद्भुत झलक प्रस्तुत करता है। साथ ही मैंने छत्तीसगढ़ राज्य के श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ मेला परिसर में साढ़े चार एकड़ भूमि आवंटित करने के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। इस मंडप में छत्तीसगढ़ के लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने निःशुल्क आवास, भोजन समेत अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया और संगम में स्नान का पुण्य प्राप्त किया। (CM Yogi on Mahakumbh)

CM साय ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार की ओर से किए गए उत्कृष्ट प्रबंधन एवं संत-समाज के सान्निध्य में संपन्न हुए इस भव्य आयोजन के लिए फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने महाकुंभ 2025 के संपन्न होने पर कहा कि साफ सफाई से लेकर, पीने के पानी, लंगर और वहां रहने की व्यवस्था तक सब कुछ अद्भुत था और इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह महाकुंभ एकता का संदेश देने वाला था, जो बिल्कुल सही बात है।

कांग्रेस के UP प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने महाकुंभ 2025 के संपन्न होने पर कहा कि मैं आस्था के, विश्वास के और गर्व के इतने बड़े आयोजन को लेकर संगम नगरी प्रयागराज के लोगों, पूरे देश से आए लोगों के लिए मंगलकामना करता हूं, जिन्होंने इसमें भाग लिया। खासकर मैं प्रयागराज की जनता को धन्यवाद देना चाहूंगा। हमारे सरकारी अधिकारी और कर्मचारी जो व्यवस्थाओं में लगे हुए थे उन्हें भी धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने इतने बड़े आयोजन को संपन्न करवाया। सरकार की व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त थी। भगवान राम के भरोसे प्रयागराज पर सारी चीजें चलीं। हालांकि सरकार ने मार्केटिंग बहुत अच्छी की है। (CM Yogi on Mahakumbh)



