सूटकेस में मिला कांग्रेस कार्यकर्ता का शव, जांच के लिए SIT गठित

Himani Narwal Murder Case: हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की निर्मम हत्या से जिले में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसके लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की हैं। इस बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। बता दें, हिमानी का शव शनिवार को सांपला बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में मिला था। पुलिस ने बताया कि कुछ राहगीरों ने सूटकेस देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में नव उद्यमियों के लिए अपार संभावनाएं: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
सांपला थाना निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा, ‘हमें कल सुबह सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में एक लड़की की लाश मिली है। लड़की की पहचान हो गई है और मामला दर्ज कर लिया गया है। हमारी चार टीमें इस पर काम कर रही हैं। हम जल्द ही इस मामले का खुलासा करेंगे। आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमें इसमें कोई राजनीतिक पहलू नहीं दिखता लेकिन हम अपना काम कर रहे हैं। इधर हिमानी की मौत मामले की जांच के लिए रोहतक पुलिस ने एक स्पेशल टीम (SIT) का गठन किया है. जो पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पीड़िता के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। पुलिस को संदेह है कि रोहतक के विजय नगर इलाके की रहने वाली नरवाल की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया।
हिमानी का अंतिम संस्कार नहीं हो सका
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए तो सहमति दे दी है, लेकिन शव लेने से इनकार कर दिया है. हिमानी की मां सविता ने कहा, “अगर मेरी बेटी को न्याय नहीं मिला तो मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी. ऐसे में फिलहाल हिमानी का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है.
भूपेंद्र हुड्डा की पत्नी की करीबी थी हिमानी
हिमानी की मां ने बताया कि हमें थाने से फोन आया और बताया गया कि हमारी बेटी का शव सांपला बस स्टैंड पर मिला है. इस खबर से हमारा परिवार सदमे में है. मेरी बेटी आशा हुड्डा (भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी) के बहुत करीब थी. जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी.
कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ता की मौत पर शोक व्यक्त किया
कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ता की मौत (Himani Narwal Murder Case) पर शोक व्यक्त किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पार्टी ने लिखा, ‘हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बहुत दुखद और पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वो दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। इस मुश्किल समय में हम पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। हिमानी के साथ हुई इस क्रूर और शर्मनाक घटना की निष्पक्ष जांच हो और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। श्रद्धांजलि। (Himani Narwal Murder Case)



