जिला प्रशासन की तत्परता से रुकी नाबालिग लड़की की शादी, शिक्षा जारी रखने का लिया संकल्प

Child Marriage in Mungeli: मुंगेली जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग की सतर्कता से जिले के लोरमी विकासखंड के साल्हेघोरी गांव में एक नाबालिग लड़की की शादी रोकी गई। कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जिसने समय रहते हस्तक्षेप कर इस विवाह को रोकने में सफलता हासिल की। बाल विवाह की सूचना मिलते ही जिला कार्यक्रम अधिकारी संजुला शर्मा के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची और हल्दी की रस्म शुरू होने से पहले विवाह को स्थगित कराया। परिजनों से बातचीत में पता चला कि गरीबी, अशिक्षा और आर्थिक तंगी के कारण वे लड़की की शादी कराना चाह रहे थे, ताकि मजदूरी के लिए अन्य राज्य पलायन कर सकें, लेकिन नाबालिग ने हिम्मत दिखाते हुए शादी से इनकार कर दिया और कहा कि वह 10वीं कक्षा तक पढ़ चुकी है और आगे अपनी शिक्षा जारी रखना चाहती है।
यह भी पढ़ें:- इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ सम्मेलन को लेकर नेता प्रतिपक्ष महंत का सरकार पर तंज, कहा- बिना दूल्हे की बारात
लड़की को बाल कल्याण समिति में प्रस्तुत किया गया, जहां समिति के सदस्य लक्ष्मी साहू, जिला बाल संरक्षण अधिकारी अंजुबाला शुक्ला और चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक उमाशंकर कश्यप ने उसे श्रीफल, पेन और डायरी देकर सम्मानित किया। साथ ही परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया, ताकि वे बेटी की शिक्षा में किसी बाधा के बिना उसका भविष्य संवार सकें। बता दें कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह कराने पर 2 साल की सजा और 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह या किसी भी संकटग्रस्त बच्चे की जानकारी तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इस घटनाक्रम से एक बार फिर साबित हुआ कि सजग प्रशासन और जागरूक समाज मिलकर बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को जड़ से खत्म कर सकते हैं। (Child Marriage in Mungeli)

यह पहल न सिर्फ लड़की को उसका अधिकार दिलाने में सफल रही, बल्कि अन्य परिवारों के लिए भी एक प्रेरणा बन गई कि बेटियों को पढ़ाना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की ओर से प्रदेश के नागरिकों के सशक्तिकरण और सभी वर्गों को समानता का अधिकार देने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजनांदगांव के मोतीपुर स्थित श्री बालाजी लॉन में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 46 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नवविवाहित दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और सुखद दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। परंपराओं और रस्मों के साथ विधि-विधानपूर्वक शादी खुशी और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। (Child Marriage in Mungeli)
हिंदू रीति से 45 जोड़ों की शादी
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत राजनांदगांव शहरी क्षेत्र के 16 और ग्रामीण क्षेत्र के 30 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 45 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति से और एक जोड़े का विवाह बौद्ध रीति से कराया गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति विवाह 50 हजार रुपए का प्रावधान है, जिसमें 35 हजार रुपए की राशि वधु के खाते में ट्रांसफर की गई। जबकि 7 हजार रुपए की श्रृंगार सामग्री और उपहार वर-वधु को दिए गए। इस दौरान मोर संगवारी योजना अंतर्गत सभी नवविवाहित दम्पत्तियों को विवाह पंजीयन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस त्वरित सुविधा के लिए सभी दम्पत्तियों ने इस योजना की प्रशंसा करते हुए शासन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, नवविवाहित दम्पत्तियों के परिजन, अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने मोर संगवारी योजना के माध्यम से दी जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। बता दें कि मोर संगवारी योजना के माध्यम से विभिन्न शासकीय जनोपयोगी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 14545 पर संपर्क कर जानकारी और सुविधाएं प्राप्त की जा सकती है। (Child Marriage in Mungeli)



