पूर्व CM भूपेश बघेल के घर ED रेड से प्रदेश में हलचल, कांग्रेस ने बताई बदले की राजनीति
Congress on ED Raid: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED की कार्रवाई को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच पूर्व CM की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उनके कार्यालय की ओर से X पर पोस्ट कर कहा गया कि सात सालों से चले आ रहे झूठे केस को जब अदालत में बर्खास्त कर दिया गया तो ED के मेहमानों ने पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के भिलाई निवास में सुबह प्रवेश किया है। अगर इस षड्यंत्र से कोई पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास कर रहा है तो यह गलतफहमी है।
यह भी पढ़ें:- बलरामपुर के पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, बच्चों समेत पांच लोगों की हुई मौत
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ कोई भी आवाज उठाए तो उसकी आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है, पहले कवासी लखमा और अब भूपेश बघेल की आवाज बंद करने की कोशिश है। भूपेश बघेल ने भी भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। भाजपा रूपी अंग्रेज से हम लड़ रहे हैं, लेकिन डरेंगे नहीं। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ की आवाज बताया और कहा कि सरकार उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है। भगत ने कहा भूपेश बघेल हर मौके पर छत्तीसगढ़ के हित में मुखर होकर अपनी बात रखते हैं। विधानसभा में भी वे लगातार जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं, जिससे सरकार हिलती हुई नजर आ रही है। (Congress on ED Raid)
भूपेश बघेल एक योद्धा हैं: भगत
उन्होंने कहा कि जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है। उसके खिलाफ किसी न किसी तरह की कार्रवाई की जाती है, लेकिन भूपेश बघेल एक योद्धा हैं। उनकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता। हम सब उनके साथ खड़े हैं। पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंह देव ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश भाई के निवास पर ED की रेड पूरी तरह से भाजपा की प्रतिशोध की राजनीति है। जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने और विपक्ष पर दबाव बनाने में भाजपा माहिर है। मगर पहले की तरह ये षड्यंत्र भी नाकाम होगा, सत्य की जीत होगी और भाजपा मुंह की खाएगी। (Congress on ED Raid)



