लोकसभा की कार्यवाही 19 मार्च तक स्थगित, प्रधानमंत्री मोदी ने महाकुंभ पर दिया संबोधन

PM Modi on Mahakumbh: लोकसभा की कार्यवाही 19 मार्च 2025 को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट सत्र के दौरान महाकुंभ पर वक्तव्य दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं सदन के माध्यम से देशवासियों को कोटि-कोटि नमन करता हूं जिनकी वजह से महाकुंभ का सफल आयोजन हुआ। महाकुंभ की सफलता में अनेक लोगों का योगदान है। मैं सरकार, समाज के सभी कर्मयोगियों का अभिनंदन करता हूं। मैं देश भर के श्रद्धालुओं, उत्तर प्रदेश व विशेष रूप से प्रयागराज की जनता का धन्यवाद करता हूं। पूरे विश्व ने महाकुंभ के रूप में भारत के विराट स्वरूप के दर्शन किए। सबका प्रयास का यही साक्षात स्वरूप है। यह जनता जनार्दन का, जनता जनार्दन के संकल्पों के लिए, जनता जनार्दन की श्रद्धा से प्रेरित महाकुंभ था। महाकुंभ में हमने हमारी राष्ट्रीय चेतना के जागरण के विराट दर्शन किए।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी से CM देव साय ने की मुलाकात, बस्तर के विकास समेत नक्सल मामलों पर हुई चर्चा, 30 मार्च को प्रधानमंत्री आएंगे छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ से अनेक अमृत निकले हैं, एकता का अमृत इसका बहुत पवित्र प्रसाद है। महाकुंभ ऐसा आयोजन रहा जिसमें देश के हर क्षेत्र, कोने से आए लोग एक हो गए। लोग अहम त्यागकर मैं नहीं हम की भावना से प्रयागराज में जुटे, जब अलग-अलग भाषा, बोली बोलने वाले लोग संगम तट पर हर-हर गंगे का उद्घोष करते हैं तो ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की झलक दिखती है। पिछले साल अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान हमने महसूस किया था कि कैसे देश अगले 1000 सालों के लिए तैयार हो रहा है। इसके ठीक एक साल बाद महाकुंभ के इस आयोजन ने हम सभी के इस विचार को और दृढ़ किया है। देश की यह सामूहिक चेतना देश का सामर्थ्य बताती है। (PM Modi on Mahakumbh)
हमारी संस्कृति का जश्न मनाया जा रहा: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि हम सब जानते हैं, गंगा जी को धरती पर लाने के लिए एक भगीरथ प्रयास लगा था, वैसा ही महाप्रयास इस महाकुंभ के भव्य आयोजन में भी हमने देखा है। मैंने लाल किले से सबका प्रयास के महत्व पर जोर दिया था। पूरे विश्व ने महाकुंभ के रूप में भारत के विराट स्वरूप के दर्शन किए। सबका प्रयास का यही साक्षात स्वरूप है। पिछले हफ्ते मैं मॉरीशस में था और मैंने महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम से पवित्र जल लाया था। जब इसे मॉरीशस के गंगा तालाब में मिलाया गया तो यह नजारा देखने लायक था। इससे पता चला कि हमारी संस्कृति का जश्न मनाया जा रहा है। (PM Modi on Mahakumbh)
महाकुंभ ने बहुत प्रेरणा दी: प्रधानमंत्री मोदी
उन्होंने कहा कि महाकुंभ ने बहुत प्रेरणा दी है। हमारे यहां कई बड़ी-बड़ी नदियां हैं, जिनमें से कुछ खतरे में हैं। कुंभ से प्रेरित होकर हमें ‘नदी उत्सव’ का विस्तार करना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को जल संरक्षण का महत्व पता चलेगा। ये उमंग, उत्साह यहीं तक सीमित नहीं था। बीते सप्ताह मैं मॉरीशस में था, मैं त्रिवेणी से महाकुंभ के समय का पावन जल लेकर गया था। जब उस पवित्र जल को मॉरीशस के गंगा तलाब में अर्पित किया गया, तब वहां जो श्रद्धा का, आस्था का, उत्सव का माहौल था, वो देखते ही बनता था ये दिखाता है कि हमारी परंपरा, हमारी संस्कृति, हमारे संस्कारों को आत्मसात करने की भावना कितनी प्रबल हो रही है। हमने करीब डेढ़ महीने तक, भारत में महाकुंभ का उत्साह देखा, उमंग को अनुभव किया। कैसे सुविधा, असुविधा की चिंता से ऊपर उठते हुए, कोटि-कोटि श्रद्धालु श्रद्धा भाव से जुटे, ये हमारी बहुत बड़ी ताकत है। (PM Modi on Mahakumbh)
एकजुटता का विराट प्रदर्शन हमारी ताकत: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महाकुंभ से बहुत से अमृत निकले हैं, एकता का अमृत इसका बहुत पवित्र प्रसाद है। महाकुंभ ऐसा आयोजन रहा, जिसमें देश के हर क्षेत्र से, हर कोने से आए लोग एक हो गए। लोग अहं त्याग कर वयं के भाव से, मैं नहीं हम की भावना से प्रयागराज में जुटे। आज पूरे विश्व में जब बिखराव की स्थितियां हैं, उस दौर में एकजुटता का ये विराट प्रदर्शन हमारी ताकत है। अनेकता में एकता भारत की विशेषता है, ये हम हमेशा कहते आए हैं और इसी के विराट रूप का अनुभव हमने प्रयागराज महाकुंभ में किया है। हमारा दायित्व है, अनेकता में एकता की इसी विशेषता को हम निरंतर समृद्ध करते रहें। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्य पर कहा कि सबका साथ, सबका प्रयास और सबका विकास, इतने भव्य आयोजन को इतनी सहजता से आयोजित करना सभी के प्रयासों के बिना संभव नहीं था… मुझे लगता है कि भारतीय संसद की ओर से इस आयोजन को सफल बनाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना आवश्यक था। (PM Modi on Mahakumbh)



