छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा: 3 बाइक सवारों की टक्कर में डेढ़ साल की मासूम सहित 3 की मौत

Road accident in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धमतरी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल थी। इस हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में भिलाई पावर हाउस निवासी हासिर शैय्यद (25) और आनंद कुमार (27) शामिल हैं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- Army Agniveer Bharti 2025: अग्निवीर भर्ती के परिणाम 22 मार्च को
यह दुर्घटना (Road accident in Chhattisgarh ) आज शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, भिलाई से तीन बाइक सवार राइडर्स केशकाल के लिए रवाना हुए थे। वहीं, बरही गांव के निवासी अक्षय कुमार यादव (27) अपनी पत्नी खिलेश्वरी यादव (25) और डेढ़ साल की बेटी दीक्षा के साथ नसबंदी ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल बालोद जा रहे थे।
सांकरा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार राइडर्स की टक्कर सामने से आ रहे दंपति की बाइक से हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक अन्य बाइक भी अनियंत्रित होकर भिड़ गई। इस भीषण दुर्घटना में दो बाइकर्स और मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे (Road accident in Chhattisgarh ) की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद एक युवक उछलकर डिवाइडर के दूसरी ओर जा गिरा, जबकि दूसरे युवक का सिर सड़क पर टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मृतकों के शव और क्षतिग्रस्त बाइकों को पिकअप वाहन में ले जाया।
इस हादसे में घायल हुए लोगों में भिलाई सेक्टर-2 निवासी जतिन, सेक्टर-8 निवासी रोहन पारिजात, अक्षय कुमार यादव और उनकी पत्नी खिलेश्वरी यादव शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दुर्घटना तेज गति से बाइक चलाने और लापरवाही से राइडिंग करने के कारण हुई। घायल रोहन पारिजात ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ भिलाई से केशकाल घूमने जा रहे थे। उनकी यात्रा सुबह 7 बजे शुरू हुई थी। वह दूसरी बाइक पर पीछे बैठे थे, जबकि हासिर शैय्यद और आनंद कुमार आगे की बाइक पर थे। हादसे के दौरान शैय्यद की बाइक की टक्कर होते ही वह और जतिन नियंत्रण खो बैठे और गिर गए, जिससे वे घायल हो गए।
फिलहाल, मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया है और उनके परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।



