Crime In Chhattisgarh : कोयला माफिया का खूनी खेल: दो गुटों के बीच गैंगवार में ट्रांसपोर्टर की हत्या से मचा हड़कंप

Crime In Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में कोयला खदान पर वर्चस्व की लड़ाई में एक ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, खदान पर दबदबे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद पाली शहर में आक्रोश फैल गया है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी, लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। रोहित के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। (Crime In Chhattisgarh)
भाई ने यह भी कहा कि एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर का नाम इस मामले में सामने आया है, जो रोशन सिंह के साथ मिलकर कोयला हेरा-फेरी का काम करता था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पाली शहर को बंद रखने का ऐलान किया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। (Crime In Chhattisgarh)



