जब कोई नक्सली मारा जाता है तो कोई खुश नहीं होता: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah in Dantewada: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन दंतेवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बस्तर अंचल की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही देश-प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM अरुण साव, विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव समेत कई जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद गृहमंत्री शाह बस्तर पंडुम कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:- यात्रीगण कृपया ध्यान दें: रेलवे ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 50 ट्रेनों को फिर किया रद्द, देखें पूरी लिस्ट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज चैत्र नवरात्रि की अष्टमी है। मैं अभी-अभी मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आया हूं कि अगली चैत्र नवरात्रि से पहले संपूर्ण छत्तीसगढ़ से लाल आतंक समाप्त हो जाए और हमारा बस्तर खुशहाल हो जाए। जब आज पूरा बस्तर लाल आतंक से मुक्त होने की कगार पर है और विकास के रास्ते पर चल चुका है, तब महाराजा प्रवीण रंजन देव की आत्मा जहां पर भी होगी जरूर वहां से बस्तर के वासियों को अपना आशीर्वाद दे रही होगी। आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले महाराजा प्रवीण रंजन देव की लोकप्रिय कांग्रेस से सहन नहीं हुई, जिसके चलते साजिस के तहत उनकी हत्या करवा दी। (Amit Shah in Dantewada)

शाह ने कहा कि बस्तर पंडुम को अंतर्राष्ट्रीय दर्जा दिलाने और बस्तर के हर जिले की परंपरा, संस्कृति और कला को पूरे विश्व तक पहुंचाने का काम मोदी सरकार करेगी। इस साल ‘बस्तर पंडुम’ छत्तीसगढ़ में एक उत्सव की तरह मनाया गया है। अगले साल मोदी सरकार ‘बस्तर पंडुम’ में देशभर सभी आदिवासी क्षेत्रों के कलाकारों के लेकर आएगी। बस्तर की संस्कृति, बोलियां, यहां के गान-वाद्य, पेय पदार्थ और भोजन, भारत की संस्कृति का गहना भी है, जिसे हमें सजों कर रखना है, जो गांव सभी नक्सलियों को सरेंडर करवाएगा, उस गांव को नक्सल मुक्त गांव घोषित कर के 1 करोड़ रुपए की विकास राशि भाजपा सरकार देगी। (Amit Shah in Dantewada)

उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति तभी हो सकती है, जब बच्चे स्कूल में जाएं, माताओं के स्वास्थ्य की चिंता हो, आदिवासी युवा कुपोषण से पीड़ित ना हो और उसकी पढ़ाई लिखाई की व्यवस्था हो, हर गांव में एक दवाखाना हो, हर तहसील में अस्पताल हो, हर घर में 7 किलो चावल मुफ्त पहुंचता हो, सभी के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और स्वास्थ्य का बीमा हो। यह तभी हो सकता है जब बस्तर के लोग तय करें कि, यहां का हर गांव नक्सलमुक्त बनेगा, वो जमाना चला गया जब यहाँ पर गोलियां चलती थी, बम धमाके होते थे। जिनके हाथों में हथियार हैं उनसे विनती करता हूं कि हथियार डालकर मेनस्ट्रीम में आइए, क्योंकि आप हमारे अपने हैं। कोई नक्सली मारा जाता है किसी को आनंद नहीं होता है। (Amit Shah in Dantewada)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि इस क्षेत्र को विकास चाहिए। बीते 50 सालों में जो विकास यहां नहीं पहुंचा, PM मोदी 5 साल में विकास को यहाँ पहुंचाएंगे। 2024 में 881 नक्सलियों ने सरेंडर किया और 2025 में अब तक 521 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं, जो सरेंडर करेंगे, वो मेनस्ट्रीम में आएंगे और जो हथियार लेकर चलेंगे उनके लिए हमारे सुरक्षाकर्मी मोर्चा संभालेंगे। अगले मार्च तक पूरा देश लाल आंतक से मुक्त होकर रहेगा। बस्तर अब भय नहीं, भविष्य का पर्याय बनेगा, जहां कभी गोलियों की गूंज थी, आज वहां मशीनों की आवाज आती है। गांव जो वीरान थे, वहां अब स्कूलों की घंटियां बज रही हैं, जहां सड़क बनाना भी सपने जैसा लगता था, वहां राजमार्ग बन रहे हैं और जहां बच्चा स्कूल जाने को डरता था, वहीं अब कम्प्यूटर के माध्यम से पूरे विश्व के साथ बात कर रहा है। (Amit Shah in Dantewada)

शाह ने कहा कि बस्तर का विकास इसलिए हो रहा है, क्योंकि अब नक्सलवाद के साथ कोई नहीं जुड़ रहा है। सुकमा से कोई इंस्पेक्टर हो, बस्तर से बैरिस्टर हो, दंतेवाड़ा से डॉक्टर बने और कांकेर से कलेक्टर बने। ऐसे छत्तीसगढ़ का हमें निर्माण करना है। इसलिए मैं सभी नक्सली भाइयों से हथियार छोड़ने का आग्रह करने आया हूं। जब कोई नक्सली मारा जाता है तो कोई खुश नहीं होता, लेकिन इस क्षेत्र को विकास की जरूरत है। विष्णुदेव साय और विजय शर्मा ने घोषणा की है कि जो गांव हर नक्सली को सरेंडर करवाएगा, उस गांव को नक्सल मुक्त घोषित किया जाएगा और विकास राशि के रूप में एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। मुख्यधारा से जुड़िए भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार आपका पूरा संरक्षण करेगी। (Amit Shah in Dantewada)



