Google Analytics —— Meta Pixel

BJP का 46वां स्थापना दिवस आज, PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी की रीढ़ की हड्डी

BJP Foundation Day: भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस पर PM नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी, हमारे सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि वे जमीन पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और हमारे सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि हमारे कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और गरीबों, वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनकी ऊर्जा और उत्साह वाकई प्रेरणादायी है। भारत के लोग हमारी पार्टी के सुशासन एजेंडे को देख रहे हैं, जो पिछले कुछ सालों में हमें मिले ऐतिहासिक जनादेश में भी परिलक्षित होता है, चाहे वह लोकसभा चुनाव हो, विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव हों या देश भर में विभिन्न स्थानीय निकाय चुनाव हों। हमारी सरकारें समाज की सेवा करना और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना जारी रखेंगी।

यह भी पढ़ें:- राष्ट्रपति मुर्मू की मंजूरी के बाद वक्फ बिल बना कानून, केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन

PM मोदी ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। हम उन सभी को याद करते हैं, जिन्होंने पिछले कई दशकों में हमारी पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित किया। यह महत्वपूर्ण दिन हमें भारत की प्रगति के लिए काम करने और विकसित भारत के सपने को साकार करने की हमारी अद्वितीय प्रतिबद्धता को दोहराता है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन, भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर उन सभी महापुरुषों को नमन करता हूं, जिन्होंने भाजपा की नींव में देशभक्ति के बीज बोकर करोड़ों राष्ट्रभक्तों का वटवृक्ष तैयार करने का कार्य किया। PM मोदी के नेतृत्व में भाजपा विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी। (BJP Foundation Day)

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने दी बधाई

उन्होंने कहा कि चाहे श्री राम मंदिर आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाना हो, धारा 370 हटाने को अपना संकल्प बनाना हो या गरीबों, वंचितों, महिलाओं का कल्याण करना हो – भाजपा ने अपनी स्थापना से ही देशहित को अपना सबसे बड़ा लक्ष्य बनाया है। अपनी चार दशकीय यात्रा में भाजपा ने यह दिखाया है कि कैसे एक राजनीतिक दल विरासतों के सम्मान, हर गरीब को आवास, अन्न, स्वास्थ्य बीमा और किसानों के कल्याण के लिए एकसाथ संकल्पबद्ध रह सकता है। देश और देशवासियों की उन्नति को ही अपनी प्रगति मानने वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं का त्याग और समर्पण प्रेरणीय है। PM मोदी के नेतृत्व में कमल का निशान देशवासियों के मन में विश्वास और आशा का नया प्रतीक बना है। बीते एक दशक में भाजपा ने सेवा, सुरक्षा और सांस्कृतिक जागरण के जो कार्य किए हैं, वे आने वाले दिनों में मील के पत्थर बनेंगे। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता वैचारिक प्रतिबद्धता का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए राष्ट्रनिर्माण में योगदान देते रहेंगे। (BJP Foundation Day)

पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने भी दी बधाई

केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के ‘स्थापना दिवस’ पर संगठन के सभी पितृपुरुषों व वरिष्ठ नेताओं को कोटिशः नमन करता हूं, जिन्होंने पार्टी के निर्माण व विस्तार को अपने खून-पसीने से सींचा व निरंतर प्राणपण से जुटे रहे। इस अवसर पर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने व भाजपा को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल बनाने वाले देशभर के प्रत्येक कार्यकर्ता भाई-बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले एक दशक में हमारी सरकार अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के साथ ‘विकसित भारत निर्माण’ के लिए कटिबद्ध है। इस शुभ दिवस पर मैं अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि मां भारती को परम वैभव के शिखर पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्पित हों और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्कर्ष में अपना बहुमूल्य योगदान दें। (BJP Foundation Day)

Back to top button
error: Content is protected !!