दुर्ग में बच्ची की हत्या को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार को जमकर घेरा
Politics on Durg Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 6 साल की बच्ची की हत्या मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि दुर्ग जिले में जहां कन्या भोज करा रहे थे, वहां बच्ची का अपहरण हुआ, रेप हुआ और हत्या हो गया। ऐसी स्थिति प्रदेश में दिख रही है, तो किस बात का सुशासन है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि दुर्ग में एक कार में बच्ची की लाश मिल रही है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सरकार सुशासन की बात कहकर टाइम पास कर रही है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी सरकार पर हमला बोला है।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग में 6 साल की मासूम की हत्या, सगे चाचा ने दिया वारदात को अंजाम
उन्होंने कहा कि दुर्ग की घटना दुर्भाग्यजनक है। ये सरकार की नाकामी का आईना है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था तार-तार हो गई है। बेटियां सुरक्षित नहीं है। लगातार प्रदेश में अनाचार की घटनाएं बढ़ी है, जो असहनीय हो गई है। जब कानून के रखवाले मूकदर्शक हो जाते हैं तो जनता कानून हाथ में लेने के लिए मजबूर हो जाती है। बलौदाबाजार हो या लोहारीडीह की घटना हो, लोगों ने कानून कैसे हाथ में लिया सबने देखा है। दुर्ग में भी इसी तरह की स्थिति है। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति की अपील की है। (Politics on Durg Case)
डिप्टी CM साव ने की अपील
डिप्टी CM साव ने कहा कि 6 साल की बच्ची की मौत की घटना अत्यंत ही दुखद और दुर्भाग्यजनक है। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सबको निष्पक्ष न्याय दिया जा रहा है, जो भी दोषी है त्वरित कार्रवाई की जा रही है। दोषी जो भी हो निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई होगी। कांग्रेस गवर्नमेंट में इतनी बड़ी घटनाएं हुई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह दुर्भाग्यजनक और संवेदनशील मामला है। हमारी सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। पूरे घटना की जांच चल रही है, दोषी जो भी होगा वो सलाखों के पीछे जरूर जाएगा। प्रदेश में कानून का राज है। कानून अपना काम करेगा, लोग कानून को हाथ में न लें। कांग्रेस के लोग भ्रम फैलाकर ऐसे मामलों में भी राजनीति करती है, जबकि कई अनाचार-दुराचार में कांग्रेस के लोगों का हाथ होता है। (Politics on Durg Case)



