आम आदमी को बड़ा झटका: LPG गैस सिलेंडर 50 रु महंगा, पेट्रोल-डीजल पर 2 रु बढ़ा उत्पाद शुल्क

Modi Govt : महंगाई के मोर्चे पर आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। केंद्र सरकार (Modi Govt) ने आज 8 अप्रैल 2025 से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में 2-2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि भी की गई है। यह फैसला राजस्व बढ़ाने और तेल कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए लिया गया है, लेकिन इससे आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।
यह भी पढ़े :- साय कैबिनेट विस्तार की हलचल: 2-3 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ, इन नामों पर नजर
नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 853 रुपये का होगा, जो पहले 803 रुपये था। वहीं, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह 553 रुपये (पहले 503 रुपये) होगा। दूसरी ओर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। लोगों में इस फैसले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है, क्योंकि पहले से ही बढ़ती महंगाई ने उनकी मुश्किलें बढ़ा रखी हैं।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) ने कहा कि गैस कीमतों में 50 रुपये की वृद्धि आठ अप्रैल से प्रभावी होगी। मूल्यवृद्धि के बाद उज्जवला उपयोगकर्ताओं के लिए रसोई गैस की कीमत राष्ट्रीय राजधानी में 503 रुपये से बढ़कर 553 रुपये प्रति सिलेंडर हो जाएगी। वहीं सामान्य उपभोक्ताओं के लिए अब 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस वाले सिलेंडर की कीमत 853 रुपये हो जाएगी। रसोई गैस की कीमतें स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में भिन्न-भिन्न हैं।
मार्च, 2024 में 100 रुपये की हुई थी कटौती
पिछली बार मार्च, 2024 में इनमें 100 रुपये की कटौती की गई थी। साथ ही सरकार ने पिछले सप्ताह प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगभग चार प्रतिशत की वृद्धि किए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में सीएनजी की कीमतें एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दीं।
दिल्ली में CNG 75.09 रु/kg
दिल्ली की गैस खुदरा विक्रेता इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की कीमत 75.09 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। इसके पहले सीएनजी बनाने में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक गैस की कीमत 1 अप्रैल से 6.50 डॉलर प्रति इकाई (एमबीटीयू) से बढ़ाकर 6.75 डॉलर कर दी गई थी।
पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क 2 रु बढ़ा
सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भी दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की, जिससे लगभग 32,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर राजस्व मिलेगा। हालांकि, इससे खुदरा कीमतें नहीं बढ़ेंगी क्योंकि यह शुल्क वृद्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल कीमतें गिरने से पेट्रोलियम कंपनियों को होने वाले लाभ से समायोजित हो जाएगी।
मंत्री पुरी पेट्रोल-डीजल को लेकर क्या कहा
मंत्री पुरी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे तेल की कीमतें 70-75 अमेरिकी डॉलर से गिरकर लगभग 60 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं और अगर अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतें उसी स्तर पर बनी रहती हैं तो पेट्रोल और डीजल की खुदरा बिक्री मूल्य में गिरावट संभव है।
क्या कहता है कैलकुलेटर
एक सरकारी आदेश के मुताबिक, पेट्रोल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क 11 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 13 रुपये और डीजल पर आठ रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। यह आदेश मंगलवार से लागू हो जाएगा। इसके साथ ही पेट्रोल पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए करों का कुल भार 19.9 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 21.9 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसमें 1.40 रुपये प्रति लीटर मूल उत्पाद शुल्क, 13 रुपये विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क, 2.50 रुपये कृषि उपकर और 5 रुपये सड़क और बुनियादी ढांचा उपकर शामिल है। इसी तरह डीजल पर केंद्र सरकार के करों का कुल भार 15.80 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 17.80 रुपये हो गया है। इसमें 1.80 रुपये प्रति लीटर मूल उत्पाद शुल्क, 10 रुपये विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क, 4 रुपये कृषि उपकर और 2 रुपये सड़क एवं बुनियादी ढांचा उपकर शामिल है।



