अमेरिका ने चीन पर फिर फोड़ा टैरिफ बम, लगाया 125% टैक्स, भारत समेत 75 से ज्यादा देशों को दी राहत

Trumps Tariff Pause : दुनिया के 2 शक्तिशाली देशों अमेरिका और चीन के बीच जबरदस्त ट्रेड वॉर चल रहा है. पहले अमेरिका ने चीन पर 104 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी. अमेरिकी फैसले के बाद चीन ने भी आक्रामक रूख अख्तियार करते हुए US पर 84 फीसदी जवाबी टैरिफ लगा दिया. हालांकि, अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसी चाल चली है, जिसमें चीन फंसता हुआ नजर आ रहा है. US ने अब चीन के हर सामान पर 125 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया है, जबकि अन्य 75 देशों पर लगाए गए टैरिफ को अगले 90 दिनों के लिए रोक दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर चीन के खिलाफ 125 फीसदी का टैरिफ लगाने की घोषणा की है. ट्रंप की Reciprocal Tariff नीति के अनुसार, अगर कोई देश अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ लगाता है तो अमेरिका भी उसी अनुपात में टैरिफ लगाएगा. हालांकि, अब इसका सबसे ज्यादा खामियाजा चीन को भुगतना पड़ रहा है।
अमेरिका को लूटने का समय खत्म- ट्रंप
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस घोषणा करते हुए चीन पर “वैश्विक बाजारों के प्रति सम्मान की कमी” का आरोप लगाया और कहा कि अब अमेरिका और बाकी देशों को चीन नहीं लूट पाएगा।
इस कदम के साथ ट्रंप ने 75 से ज्यादा देशों के लिए एक अस्थायी राहत भी घोषित की है. उन्होंने कहा कि जो देश अमेरिका के खिलाफ कोई जवाबी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, उनके लिए अगले 90 दिनों तक टैरिफ को केवल 10 प्रतिशत रखा जाएगा. इस फैसले के तहत मैक्सिको और कनाडा जैसे अमेरिका के करीबी व्यापारिक साझेदार भी शामिल हैं. ट्रंप ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब वैश्विक व्यापारिक रिश्ते बेहद नाजुक दौर से गुजर रहे हैं।
वैश्विक बाजारों में फिर हलचल
ट्रंप के इस फैसले का असर वित्तीय बाजारों पर तुरंत देखने को मिला. NASDAQ इंडेक्स में 9 प्रतिशत और S&P 500 में 8 प्रतिशत की तेज़ी दर्ज की गई है. यह बढ़त बाज़ार में निवेशकों के विश्वास को दर्शाती है, जो मान रहे हैं कि अमेरिका का यह रुख उसे वैश्विक व्यापार में मजबूती देगा. हालांकि, यह फैसला चीन-अमेरिका संबंधों को और तनावपूर्ण बना सकता है। (Trumps Tariff Pause)
अमेरिका-चीन टकराव
ट्रंप की नीति से यह साफ है कि अमेरिका का मुख्य विरोधी चीन है. जहां एक ओर चीन खुद को ग्लोबल लीडर के रूप में पेश कर रहा था, वहीं ट्रंप ने उसे अलग-थलग करने की चाल चली है. अमेरिका की तरफ से भारी-भरकम टैरिफ लगाए जाने की वजह से चीन के सस्ते सामानों की सप्लाई पर रोक लगेगी. चीन की एक्सपोर्ट इकॉनोमी पर निगेटिव इम्पेक्ट पड़ेगा। (Trumps Tariff Pause)



