NIT Raipur : एनआईटी रायपुर में ICBEST 2025 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का हुआ भव्य शुभारंभ
NIT Raipur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT Raipur) रायपुर के बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन बायोमेडिकल इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (ICBEST) 2025” का उद्घाटन समारोह आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय सम्मेलन 10 और 11 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव: EOW चीफ़ के जिम्मेदारी अब सम्हालेंगे DG रेंक के अधिकारी
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एनआईटी रायपुर (NIT Raipur) के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विभागाध्यक्ष डॉ. अरिंदम बिट एवं सम्मेलन चेयरमैन डॉ. बिकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
सम्मेलन के समन्वयक डॉ. निशांत सिंह, डॉ. नीलम शोभा निराला, डॉ. सौरभ गुप्ता एवं डॉ. आर. मारीश्वरन हैं, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन संभव हो पाया है।
डॉ. बिट ने अपने स्वागत भाषण में सभी गणमान्य अतिथियों, सहभागियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन बायोमेडिकल इंजीनियरिंग की महत्ता को रेखांकित करने के साथ-साथ शोधकर्ताओं और नवाचारियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
बायोमेडिकल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. एम. मारीश्वरन ने ICBEST के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष सम्मेलन में सात तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक से एक श्रेष्ठ शोध पत्र को “सर्वश्रेष्ठ पेपर” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली की जानकारी भी दी। इस अवसर पर सम्मेलन की सोवेनियर पत्रिका का विमोचन भी मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया।
अपने उद्घाटन भाषण में निदेशक प्रो. रमना राव ने बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने मॉलिक्यूलर डायनामिक्स, सिस्टम बायोलॉजी, मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फार्मास्युटिक्स, फार्माकोडायनामिक्स, फार्माकोकाइनेटिक्स, हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग एवं क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बायोमेडिकल इमेजिंग और रेडियोनॉमिक्स के माध्यम से डिज़ीज़ मॉडलिंग में हो रहे नवाचारों की भी सराहना की।
समापन भाषण में डॉ. बिकेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, निदेशक, डीन, कीनोट वक्ताओं, समन्वयकों, छात्रों और प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के पहले दिन आयोजित ऑनलाइन कीनोट सत्र में मजमाह यूनिवर्सिटी, सऊदी अरब के प्रो. मोहम्मद यासिन सिखंदर ने “मॉडर्न पैराडाइम्स इन बायोसिग्नल प्रोसेसिंग एंड एनालिसिस” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने “एऑर्टिक स्टेनोसिस” की व्याख्या हेतु एक लम्प्ड पैरामेट्रिक इलेक्ट्रिकल इक्विवेलेंट मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें हृदय की कक्षाओं को टाइम-वेरिइंग इलास्टेन्स के रूप में प्रदर्शित किया गया है। यह मॉडल हृदय की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
प्रो. सिखंदर ने बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की आशा जताई। (NIT Raipur)



