एनआईटी रायपुर में “आईसीबेस्ट 2025” अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल समापन

NIT Raipur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT Raipur) रायपुर के बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “बायोमेडिकल इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी: कंप्यूटेशनल मेथड्स इन बायोमेडिकल रिसर्च (आईसीबेस्ट) 2025” का सफल समापन 11 अप्रैल 2025 को हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन में देश-विदेश के अग्रणी शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह भी पढ़े :- उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने में उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के कार्य सराहनीय : उप मुख्यमंत्री साव
समापन समारोह की मुख्य अतिथि एनआईटी रायपुर की प्रभारी निदेशक डॉ. ए.बी. सोनी रहीं। मंच पर बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन अध्यक्ष डॉ. अरिंदम बिट, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बिकेश कुमार सिंह सहित समन्वयक डॉ. निशांत सिंह, डॉ. नीलम शोभा निराला, डॉ. सौरभ गुप्ता और डॉ. आर. मारीश्वरन भी उपस्थित थे।
सम्मेलन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए डॉ. निशांत कुमार सिंह ने बताया कि “आईसीबेस्ट” श्रृंखला की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी और यह मंच अब वैश्विक बायोमेडिकल अनुसंधान के क्षेत्र में एक विश्वसनीय पहचान बना चुका है। वर्ष 2023 में सम्मेलन को हाइब्रिड स्वरूप में आयोजित किया गया था, जबकि इस वर्ष कुल 120 शोध-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 51 को 7 तकनीकी सत्रों में प्रस्तुतियों हेतु चयनित किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. ए.बी. सोनी ने आयोजन समिति और पूरी टीम को बधाई देते हुए बायोमेडिकल इंजीनियरिंग की मानव स्वास्थ्य में भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “इस प्रकार के सम्मेलन ज्ञान और सहयोग का उत्सव होते हैं, जो अकादमिक उत्कृष्टता को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करते हैं।” उन्होंने विशेष रूप से छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा, “शुरुआत करना एक कला है, लेकिन उसे सही तरीके से पूर्ण करना उससे भी बड़ी कला है।”
सम्मेलन के दौरान प्रत्येक सत्र के सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार डॉ. बिकेश कुमार सिंह द्वारा घोषित किए गए। प्रतिभागी छात्रों ने इसे अत्यंत सकारात्मक और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।
समारोह के अंत में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौरभ गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, वक्ताओं, पैनलिस्टों, सत्र अध्यक्षों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। (NIT Raipur)



