कुर्मी समाज विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM on Kurmi Samaj: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 79वें महाधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नरदहा गांव में कुर्मी समाज के सामाजिक भवन के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों की ओर से भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की महान विभूतियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप समेत समाज के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- खुले गड्ढे में मासूम दिव्यांश की दर्दनाक मौत, CM साय के निर्देश पर मृत बालक के परिवारजनों को 4 लाख रूपये की मिली आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री साय ने महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि कुर्मी समाज एक परिश्रमी और आत्मनिर्भर समाज है, जो परंपरागत रूप से खेती-किसानी से जुड़ा रहा है और विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वायदों में से अधिकांश वायदे हमारी सरकार की ओर से अल्पकाल में ही पूरा किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में नगद भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अटल डिजिटल सुविधा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इसके लिए MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रदेश की 1460 ग्राम पंचायतों में यह सुविधा 24 अप्रैल यानी पंचायत दिवस से शुरू होगी और इसका विस्तार चरणबद्ध ढंग से किया जाएगा। (CM on Kurmi Samaj)
मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन गरीबों के लिए 18 लाख पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई। कुर्मी समाज के कृषक हितों को ध्यान में रखते हुए किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान की खरीदी की गई। साथ ही पिछले दो सालों का धान बोनस भी किसानों को दिया गया। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 3 दिन पहले केंद्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें फोन कर यह जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ के लिए 3.5 लाख नए आवास और स्वीकृत किए जा रहे हैं। इससे हम और ज्यादा जरूरतमंदों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर घर के सपने को साकार कर सकेंगे। (CM on Kurmi Samaj)

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, जो पिछली सरकार में बंद कर दी गई थी, अब फिर शुरू की जा चुकी है, ताकि हमारे बुजुर्ग अपने इच्छित तीर्थ स्थलों की यात्रा कर सकें। उन्होंने कहा कि जीवन में एक बार तीर्थ करने की इच्छा हर बुजुर्ग की होती है, लेकिन आर्थिक कारणों से यह सपना अधूरा रह जाता है, जिसे अब हम साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक को 4000 रुपए से बढ़ाकर 5500 रुपए किया गया है। वनवासी भाइयों के पैरों की पीड़ा को ध्यान में रखते हुए चरण पादुका योजना को 2025-26 के बजट में फिर शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। (CM on Kurmi Samaj)




