Google Analytics —— Meta Pixel

जमीन घोटाला मामले में सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ, आज फिर होंगे सवाल-जवाब

Robert Vadra on ED: कांग्रेस लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुग्राम जमीन घोटाला मामले में 6 घंटे पूछताछ की। उनसे गुरुग्राम के शिकोहपुर लैंड घोटाला मामले में पूछताछ के लिए ED ने आज फिर बुलाया है। दरअसल, ED ने जमीन सौदे से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में पूछताछ के लिए उन्हें दूसरा समन भेजा था। इससे पहले 8 अप्रैल को भेजे गए पहले समन पर वाड्रा पेश नहीं हुए थे। पूछताछ के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि सभी प्रश्न जिनका मैंने पहले उत्तर दिया था, उनका उत्तर फिर से दिया। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है, हर चीज का उत्तर दिया जा चुका है। हर चीज का फिर से उत्तर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- वक्फ बिल के विरोध में टायर जलाना, वाहन रोकना और हिंसा नहीं होनी चाहिए: सपा विधायक अबू आजमी

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि जब भी मैं लोगों की आवाज बुलंद करूंगा, ये लोग मुझे दबाएंगे और एजेंसियों का दुरुपयोग करेंगे। मैं हमेशा सभी सवालों के जवाब देता हूं और देता रहूंगा। वाड्रा ने कहा कि इस मामले में कुछ भी नहीं है। पिछले 20 सालों में मुझे 15 बार बुलाया गया और हर बार 10 घंटे से ज्यादा पूछताछ की गई। मैंने 2019 में 23000 दस्तावेज जमा किए थे, जिस मामले के बारे में वे मुझसे पूछ रहे हैं, वह 20 साल पुराना मामला है। यह राजनीति से प्रेरित है। जब हम कोई लेनदेन करते हैं तो हम सभी नियमों और विनियमों का पालन करते हैं। सत्तारूढ़ सरकार हमेशा एजेंसी का दुरुपयोग करती है। वे मुझसे जितने चाहें सवाल पूछ सकते हैं। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। (Robert Vadra on ED)

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत का आरोप

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ को लेकर कहा कि ED, CBI, इनकम टैक्स का अब कोई मतलब नहीं रह गया है, क्योंकि ये सभी एजेंसियां ​​भाजपा की फ्रंटल बन गई हैं। जैसे उनके पास भारतीय युवा मोर्चा है, वैसे ही भाजपा ED है, भाजपा CBI है और भाजपा इनकम टैक्स विभाग है। न केवल रॉबर्ट वाड्रा, बल्कि हमारे राजस्थान के नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के खिलाफ भी कार्रवाई हो रही है। अगर ED के पास सबूत हैं तो ED 11 साल से क्या कर रही थी, ED की सजा दर क्या है? 2014 के बाद ED के 95% मामले विपक्ष के खिलाफ दर्ज किए गए, लेकिन वह उन्हें दोषी नहीं ठहरा पाई, सबूत नहीं जुटा पाई। यह 20 साल पुराना मामला है, सारे सबूत, प्रमाण आपके पास हैं, आप उन्हें बार-बार बुलाकर क्या साबित करना चाहते हैं? (Robert Vadra on ED)

मंत्री महिपाल ढांडा ने किया पलटवार

इस पर हरियाणा के मंत्री महिपाल ढांडा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि ये स्वतंत्र एजेंसियां ​​हैं, इनके पास कुछ इनपुट होगा और उसी इनपुट के आधार पर ये एजेंसियां ​​काम करती हैं। ये कांग्रेस की सरकार नहीं है, जिसने सभी एजेंसियों को पंगु बना रखा था। जब प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब कांग्रेस कैसे उन्हें प्रताड़ित करते थे, लेकिन उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा। अब भाजपा सरकार पूरी निष्पक्षता के साथ काम कर रही है। 2004 से 2014 तक कांग्रेस सरकारों द्वारा किए गए घोटालों के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे, भाजपा भी सड़कों पर उतरी। हमने कहा कि इनकी ED, CBI जांच होनी चाहिए, उन्होंने केस दर्ज किए और उन्हें लगा कि राज उनका ही है जैसा चाहेंगे वैसा फैसला करा लेंगे, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आकर एजेंसियों को स्वतंत्र कर दिया। (Robert Vadra on ED)

Back to top button
error: Content is protected !!