कारोबारी दिनेश मिरानिया का रायपुर में हुआ अंतिम संस्कार, पत्नी हुई बेहोश, CM साय, रमन सिंह रहे मौजूद

Dinesh Mirania Funeral: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया का राजधानी रायपुर में अंतिम संस्कार किया गया। कारोबारी के बेटे शौर्य मिरानिया ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में राज्यपाल रमेन डेका, CM विष्णुदेव साय और स्पीकर रमन सिंह भी मौजूद रहे। वहीं अंतिम यात्रा निकलने से पहले कारोबारी की पत्नी नेहा मिरानिया बेहोश हो गई थी, जिन्हें परिजन घर के अंदर लेकर गए। बता दें कि बुधवार देर रात कारोबारी का शव दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया, जहां से घर पहुंचने पर डिप्टी CM अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा समेत कई नेताओं ने शव को कंधा दिया।
यह भी पढ़ें:- पहलगाम हमले के बाद भारत का सख्त एक्शन: पाकिस्तान का आधिकारिक X अकाउंट भारत में बंद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले भी जब पाकिस्तान के तरफ से हमला हुआ है तो हमने उन्हें करारा जवाब दिया है, लेकिन फिर पाकिस्तान बाज नहीं आया। तो निश्चित रूप से इसका खामियाजा पाकिस्तान को भुगतना पड़ेगा। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने कायराना हरकत करके पर्यटकों पर जो हमला किया है, यह निंदनीय है। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिनेश मिरानिया को श्रद्धांजलि दी। साथ ही कहा कि धर्म पूछकर इस देश में हत्या होना एक विकृत मानसिकता है। देश के विभाजन में ये ताकतें लगी हैं और पाकिस्तान के इशारे पर जिस तरह की घटनाएं हो रही हैं, उसकी देश और दुनिया ने निंदा की है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने कहा है कि इस घटना के पीछे जो लोग हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरा देश उनके साथ है। अभी शुरुआत हुई है, आगे और फैसले लिए जाएंगे। (Dinesh Mirania Funeral)

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि जो घटना हुई उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। 26 नागरिक मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं। मैं परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। छत्तीसगढ़ के एक व्यापारी की भी हत्या हुई है, ये हमारे लिए बहुत दुखद है, जो दावे कर रहे थे कि आतंकवाद खत्म हो गया है वो खोखले साबित हुए हैं, लोग इस दावे पर विश्वास करके वहां गए थे लेकिन वहां एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं था, न ही सेना के जवान थे, न ही कोई CCTV था और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था थी। ये बहुत दुखद है, दर्दनाक है। (Dinesh Mirania Funeral)

जानकारी के मुताबिक 45 साल के दिनेश मिरानिया को जिस दिन गोली मारी गई, उसी दिन उनकी शादी की सालगिरह थी। वे परिवार के साथ खुशियां मनाने बैसरन घाटी गए थे, जहां पत्नी नेहा, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता के साथ सेलिब्रेट कर रहे थे, तभी आतंकियों ने उन्हें गोलियों से भून डाला। पहलगाम में दिनेश मिरानिया की पत्नी और बच्चों से गृहमंत्री अमित शाह ने मुलाकात की थी। शाह ने कहा कि हमले में अपनों को खोने का दर्द हर भारतीय को है। बेगुनाह मासूम लोगों को मारने वाले आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा। (Dinesh Mirania Funeral)




