Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान का कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Nuclear Blackmail: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि भारत के ड्रोन, मिसाइलों ने सटीकता से हमला किया, पाकिस्तानी वायुसेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया जिसपर पाकिस्तान को बहुत घमंड था। भारत ने पहले 3 दिनों में ही पाकिस्तान को इतना नुकसान पहुंचाया, जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था। भारत की आक्रमक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बचने के रास्ते तलाशने लगा। इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे DGMO को संपर्क किया, तब तक हम बड़े पैमाने पर आतंकी इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर चुके थे, पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंकी अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था। इसलिए जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा तो भारत ने भी उसपर विचार किया।

यह भी पढ़ें:- भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार किया है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है, आने वाले दिनों में हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वह क्या रवैया अपनाता है। उन्होंने कहा कि भारत की तीनों सेनाएं अलर्ट पर हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद अब ऑपरेशन सिंदूर आतंक के खिलाफ भारत की नीति है। ऑपरेशन सिंदूर ने एक नई लकीर खींच दी है। अगर भारत पर हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, हम अपने तरीके से अपनी शर्तों पर जवाब देकर रहेंगे। कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत नहीं सहेगा। न्यूक्लियर ब्लैकमेल की आड़ में पनप रहे आतंकी ठिकानों पर भारत सटीक और निर्णायक प्रहार करेगा। हम आतंक की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे। (PM on Nuclear Blackmail)

यह युग युद्ध का नहीं: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर यह युग युद्ध का नहीं है, लेकिन यह युग आतंकवाद का भी नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’, यह एक बेहतर दुनिया की गारंटी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को बहुत स्पष्टता और दृढ़ता के साथ पूरी दुनिया के सामने रखा है। उनका यह संबोधन न केवल भारत की भावना की अभिव्यक्ति है, बल्कि यह हमारे देश की सैन्य, कूटनीतिक और नैतिक शक्ति का भी परिचय है। प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में अगर पाकिस्तान से कोई बातचीत होगी तो वह सिर्फ आतंकवाद और POK पर ही होगी। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेनाओं के शौर्य और साहस की भी खुलकर प्रशंसा की है। पूरे देश को भारतीय सेनाओं पर गर्व है। मैं प्रधानमंत्री को उनके मजबूत नेतृत्व के लिए धन्यवाद देता हूं। (PM on Nuclear Blackmail)

‘न्यू इंडिया’ की नीति का स्पष्ट उद्घोष: CM योगी

केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे सशस्त्र बलों की वीरता और साहस की बहुत प्रशंसा की है। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट रहा और सभी ने सशस्त्र बलों का समर्थन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर भविष्य में भी आतंकवाद के खिलाफ नीति होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन आतंकवाद के खिलाफ ‘न्यू इंडिया’ की नीति का स्पष्ट उद्घोष है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है, यह हमारी बहनों और बेटियों के सम्मान की रक्षा का संकल्प है। जो कोई भी हमारी माताओं और बहनों के माथे से ‘सिंदूर’ पोंछने की हिम्मत करेगा, उसे धूल में मिला दिया जाएगा। (PM on Nuclear Blackmail)

Back to top button
error: Content is protected !!