Google Analytics —— Meta Pixel

भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार किया है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Operation Sindoor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के साथ सीजफायर के 51 घंटे के बाद देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा है। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं को सशस्त्र बलों, हमारी खुफिया एजेंसियों, हमारे वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की ओर से सलाम करता हूं। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी उसने देश, दुनिया को झकझोर दिया था। छुट्टियां मना रहे निर्दोष नागरिकों को धर्म पूछकर उनके परिवार, उनके बच्चों के सामने बेरहमी से मार डाला। यह आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था, क्रूरता थी।

यह भी पढ़ें:- कश्मीर मुद्दे पर PM मोदी का ट्रंप को सीधा जवाब !, कहा- पाकिस्तान से सिर्फ POK को लेकर होगी बात 

PM मोदी ने कहा कि यह देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से यह पीड़ा बहुत बड़ी थी। इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश, हर राजनीतिक दल, एक स्वर में आतंक के खिलाफ उठ खड़ा हुआ है। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी है। आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों, बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है। हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं उनकी वीरता, साहस और पराक्रम को देश की हर माता, बहन और बेटी को समर्पित करता हूं। (PM on Operation Sindoor)

पाकिस्तान बौखला गया था: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। 6 मई की देर रात, 7 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों, उनके ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया। आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है लेकिन जब देश एकजुट होता है, राष्ट्र प्रथम की भावना से भरा होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं। भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान घोर निराशा में घिर गया था। पाकिस्तान बौखला गया था और इसी बौखलाहट में उसने एक और दुस्साहस किया। आतंक पर भारत की कार्रवाई का साथ देने के बजाय पाकिस्तान ने भारत पर ही हमला करना शुरू कर दिया। 

पाक ने हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया: PM

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने हमारे स्कूल, कॉलेज, गुरुद्वारों, मंदिरों और सामान्य नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। उन्होंने हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें पाकिस्तान खुद बेनकाब हो गया। दुनिया ने देखा कि कैसे पाकिस्तान के ड्रोन्स और मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गई थी। भारत के सशक्त एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर भारत की मिसाइलों, ड्रोन ने हमला हमला बोला तो आतंकी संगठनों की इमारतें ही नहीं उनका हौसला भी थर्रा गया। बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकाने एक प्रकार से ग्लोबल आतंक की युनिवर्सिटी रही है। (PM on Operation Sindoor)

हमने पाकिस्तान के सीने पर वार किया: PM मोदी

उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं पर भी जो बड़े आतंकी हमले हुए हैं उन सब के तार कहीं न कहीं आतंक के इन्हीं ठिकानों से जुड़े हैं। चाहे 9/11 हो या भारत में दशकों से जो बड़े-बड़े आतंकी हमले हुए हैं उन सबके तार कहीं न कहीं आतंक के इन्हीं ठिकानों से जुड़े हैं। आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। इसलिए भारत ने आतंक के ये हेडक्वार्टर उजाड़ दिए। भारत के इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया। दुनिया ने देखा, कैसे पाकिस्तान के ड्रोन, मिसाइल भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं। भारत के सशक्त एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया। (PM on Operation Sindoor)

Back to top button
error: Content is protected !!