ब्रह्मोस ने पाकिस्तान को रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुजरात के भुज एयरफोर्स स्टेशन में वायु सेना के जवानों को संबोधित किया। साथ ही कहा कि हमारे देश की मजबूत भुजा, भुज में आप सबके बीच आकर मुझे बड़ा गर्व हो रहा है। यह भुज 1965 में पाकिस्तान के खिलाफ हमारी जीत का साक्षी रहा है। यह भुज 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ हमारी जीत का साक्षी रहा है। आज एक बार फिर यह भुज पाकिस्तान के खिलाफ हमारी जीत का साक्षी बना है। इसकी मिट्टी में देशभक्ति की खुशबू है और यहां के जवानों में भारत की सुरक्षा का अडिग संकल्प। मैं आप सभी वायु सेना, सशस्त्रबल और BSF जांबाजों को सलाम करता हूं।
यह भी पढ़ें:- Raipur Road Accident : मरीन ड्राइव जा रही युवती को ट्रक ने कुचला, सिर पर टायर चढ़ने से भेजा बाहर आ गया, मौके पर मौत
रक्षा मंत्री ने कहा कि कल ही मैं श्रीनगर में सेना के अपने वीर जवानों से मिलकर लौटा हूं और आज मुझे आपके बीच आने का अवसर मिला है। कल मैं भारत के उत्तरी भाग में जवानों से मिला। आज मैं भारत के पश्चिमी भाग में वायु योद्धा और जवानों से मिल रहा हूं। दोनों ही उच्च ऊर्जा और उच्च जोश के मोर्चे को देखकर मैं फिर से आश्वस्त हो गया हूं कि भारत की सीमाएं, आप सभी की मजबूत भुजाओं में पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आपने जो कुछ किया, उसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। भारतीय वायुसेना के लिए सिर्फ 23 मिनट काफी थे, पाकिस्तान की सरजमीं पर पल रहे आतंक के अजगर को कुचलने के लिए। मैं यह कहूं तो गलत नहीं होगा कि जितनी देर में लोग नाश्ता-पानी निपटाते हैं, उतनी देर में आपने दुश्मनों का निपटारा कर दिया। (Defence Minister Rajnath Singh)
सीमा के भीतर जाकर मिसाइल्स गिराए: राजनाथ
उन्होंने कहा कि आपने दुश्मन की सीमा के भीतर जाकर जो मिसाइल्स गिराए, उसकी गूंज पूरी दुनिया ने सुनी और वास्तव में वह गूंज, सिर्फ मिसाइल्स की ही नहीं थी, वह गूंज आपके शौर्य और भारत के पराक्रम की थी। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना ने जो प्रभावी भूमिका निभाई है, उसकी सराहना इस देश में ही नहीं दूसरे देशों में भी हो रही है। आपने इस ऑपरेशन में न केवल दुश्मन को डोमिनेट किया है, बल्कि उन्हें डेसीमेट करने में भी कामयाबी हासिल की है। आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए इस अभियान को धार देने का काम हमारी वायु सेना ने किया। हमारी एयरफोर्स एक ऐसी ‘स्काइफोर्स’ है, जिसने अपने शौर्य, पराक्रम और प्रताप से आसमान की नई और बुलंद ऊंचाइयों को छू लिया है। (Defence Minister Rajnath Singh)
अब भारत की युद्ध नीति और तकनीकी दोनों बदल चुकी: राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इंडियन एयरफोर्स ने केवल पराक्रम ही नहीं दिखाया है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने प्रमाण भी दिया है। प्रमाण इस बात का कि अब भारत की युद्ध नीति और तकनीकी दोनों बदल चुकी है। आपने नए भारत का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया है। यह संदेश है कि अब भारत केवल विदेशों से आयात किए गए हथियारों और प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर नहीं है, बल्कि भारत में बने अस्त्र और शस्त्र भी हमारी सैन्य शक्ति का हिस्सा बन चुके हैं। अब भारत में बने और भारतीय हाथों से बने हथियार भी अचूक और अभेद हैं, यह पूरे विश्व ने देख लिया है। ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को तो पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है। (Defence Minister Rajnath Singh)
आतंकी को चौदह करोड़ रुपए देगी पाकिस्तान: राजनाथ
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे देश में एक कहावत काफी पुरानी है और वह है – ‘दिन में तारे दिखाना’। मगर भारत मे बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान दुश्मन को रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया है। भारत के जिस एयर डिफेंस सिस्टम की तारीफ हर तरफ हो रही है, उसमें DRDO की ओर से बनाए गए ‘आकाश’ और अन्य राडार सिस्टम की जबरदस्त भूमिका रही है। आपने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी बुनियादी ढांचों के खिलाफ प्रभावी कारवाई की, लेकिन पाकिस्तान फिर से इस कोशिश में लग गया है कि ध्वस्त हुए आतंकी ढांचे को फिर से खड़ा किया जाए। वहां की सरकार, पाकिस्तानी आम नागरिकों से लिया गया टैक्स, ‘जैश ए मुहम्मद’ जैसे आतंकी संगठन के आका मसूद अजहर को करीब चौदह करोड़ रुपए देने में खर्च करेगी। जबकि वह UN नामित आतंकवादी घोषित है। (Defence Minister Rajnath Singh)
IMF को अपने फैसले पर फिर विचार करने की मांग
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि इतना ही नहीं, ‘लश्कर ए तैयबा और जैश ए मुहम्मद’ के मुरीदके और बहावलपुर स्थित आतंकी बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने आर्थिक सहायता देने के ऐलान किया है। निश्चित रूप से IMF से आने वाले एक बिलियन डॉलर के बड़े हिस्से को आतंकी बुनियादी ढांचे को फंड करने में इस्तेमाल होगा। क्या यह IMF द्वारा जो कि एक अंतरराष्ट्रीय संगठन द्वारा अप्रत्यक्ष वित्त पोषण नहीं माना जाएगा ? मैं मानता हं कि आज के समय में पाकिस्तान को किसी भी तरह की आर्थिक सहायता टेरर फेन्सिंग से कम नहीं है। भारत यही चाहेगा कि IMF पाकिस्तान को अपनी एक बिलियन डॉलर की सहायता पर पुनर्विचार करे और आगे भी किसी भी तरह की सहायता देने से परहेज करे। भारत नहीं चाहता कि जो फंडिंग हम IMF को करते हैं, वह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष किसी भी तरीके से पाकिस्तान या किसी भी देश में आतंकी बुनियादी ढांचे को बनाने में इस्तेमाल की जाए। (Defence Minister Rajnath Singh)
हाइब्रिड और प्रॉक्सी युद्ध को जड़ से समाप्त करेंगे: रक्षा मंत्री
उन्होंने कहा कि आपने जो पराक्रम दिखाया, उसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। आज भारत को वैश्विक मंच पर जो सम्मान मिल रहा है, उसकी बुनियाद में आपका यही पराक्रम है। यही कारण है कि भारत का बच्चा-बच्चा आपको, अपना आइडल मानता है। आपने पूरे देश को यकीन दिलाया है कि नया भारत अब सहन नहीं करता, बल्कि वह पलटकर जवाब देता है। मैं चाहे जितना कुछ भी बोलूं, लेकिन मेरे शब्द आपके कार्यों को मापने में असमर्थ होंगे। मैं कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से आप सबके प्रति आभार व्यक्त करने आया हूं। अब आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, केवल सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय रक्षा सिद्धांत का हिस्सा बन चुकी है। हम आपके साथ मिलकर इस हाइब्रिड और प्रॉक्सी युद्ध को जड़ से समाप्त करेंगे। (Defence Minister Rajnath Singh)
प्रभुश्री राम के आदर्शों का पालन किया: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम, हमारे आराध्य श्रीराम के उस मार्ग का अनुसरण करते हुए आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें वह आसुरी शक्तियों के विनाश का प्रण लेते हैं। “निसिचर हीन करउं महि, भुज उठाइ पन कीन्ह।” मतलब जिस प्रकार भगवान राम ने अपनी भुजाओं को उठाकर धरती को राक्षस विहीन करने का प्रण लिया था। ठीक उसी प्रकार प्रभुश्री राम के आदर्शों का पालन करते हुए हमने भी आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। आप सब तो जानते ही होंगे, कि भारत में जब भी कोई उपद्रवी तत्व होता है, जिसको लेकर यह आशंका रहती है कि यह भविष्य में कुछ उपद्रव कर सकता है, तो उसको मजिस्ट्रेट और पुलिस की ओर से अच्छे व्यवहार की प्रोबेशन पर रखा जाता है। अगर वह व्यक्ति, प्रोबेशन के दौरान कोई भी शरारत करता है तो उसे उचित दंड दिया जाता है। ठीक उसी तरह वर्तमान सीजफायर में हमने पाकिस्तान को व्यवहार के आधार पर अभी प्रोबेशन पर रखा हुआ है। (Defence Minister Rajnath Singh)
हम आयातक से निर्यातक बन रहे हैं: रक्षा मंत्री
उन्होंने कहा कि अगर उसका व्यवहार सुधरता है, तब तो ठीक और अगर व्यवहार में फिर से गड़बड़ी आती है तो उसको कड़े से कड़ा दंड दिया जाएगा। मैं दोहरा कर रहा हूं, पाकिस्तान को हमने प्रोबेशन पर रखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में एक बात बहुत साफ कही है कि आतंक पर प्रहार अब न्यू नॉर्मल है। ये न्यू इंडिया का न्यू नॉर्मल है। अब हमने यह साफ कर दिया है कि हमारी संप्रभुता को अगर कोई नुकसान पहुंचाएगा तो वह प्रहार भी झेलेगा। आतंकवाद का हम जोर और मजबूती से जवाब देंगे। कुछ साल पहले हम दुनिया से हथियार खरीदते थे। आज हम खुद बना रहे हैं। तोपखाना प्रणाली, रडार प्रणाली, मिसाइल ढाल, ड्रोन और काउंटर ड्रोन जैसे साजो-सामान आज हम भारत में ही उत्पादन कर रहे हैं। हम आयातक से निर्यातक बन रहे हैं और यह केवल शुरुआतभर है। (Defence Minister Rajnath Singh)
जनता ने एकजुटता और समझदारी का परिचय दिया: राजनाथ
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि मैं इस अवसर पर आप सभी के साथ-साथ, देश की जनता का भी आभार प्रकट करता हूं। भारत की जनता ने एकजुटता और समझदारी का परिचय देते हुए आपका सहयोग किया। इस लड़ाई में न केवल सरकार, सशस्त्र बल और सुरक्षाबल एकजुट थे, बल्कि भारत का हर नागरिक, एक सिपाही की तरह इसमें भागीदार बना। मैं देश की उन माताओं को भी प्रणाम करता हूं, जिनकी कोख से आप जैसे वीरों ने जन्म लिया। मैं उन परिवारों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने आपको पाला-पोसा और फिर बिना किसी हिचक के राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। मैं आपको यह आश्वासन देता हूं कि सरकार और देश की जनता हर कदम, हर स्थिति में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपके सहयोग से हम इस पूरे क्षेत्र में आतंकवाद का समूल नाश करेंगे, ताकि कल को कोई भारत की संप्रभुता के खिलाफ आंख उठाने की भी हिमाकत न करे। (Defence Minister Rajnath Singh)



