महासमुंद के अमरकोट उपार्जन केंद्र से 1 करोड़ 65 लाख के धान गायब, तीन कर्मचारी निलंबित, FIR के निर्देश
Amarkot Procurement Center: महासमुंद जिले के अमरकोट स्थित धान उपार्जन केंद्र में बड़े पैमाने पर अनियमितता का खुलासा हुआ है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि केंद्र में 11,416 बोरियों के बराबर 5348.68 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 65 लाख 80 हजार रुपए हैं। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस गड़बड़ी के लिए केंद्र प्रभारी कार्तिकेश्वर यादव, बारदाना प्रभारी तेजराम पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेन्द्र पटेल संयुक्त रूप से जिम्मेदार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- CM साय ने 3 जिलों के अधिकारियों के साथ की बैठक, कहा- विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए टीम वर्क के साथ करें काम
रायपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ओर से धान खरीदी नीति 2024-25 की कंडिका 15.9 और त्रिपक्षीय अनुबंध की कंडिका 12.8 और 12.11 के तहत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि अगर जिम्मेदार अधिकारी समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करते हैं तो यह निरीक्षण में लापरवाही मानी जाएगी और उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले 28 अप्रैल को बलौदाबाजार जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के उपार्जन में गड़बड़ी के मामले में जिला प्रशासन की ओर से तहसील पलारी अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति उपार्जन केंद्र जारा के प्रभारी, समिति प्रभारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। (Amarkot Procurement Center)
जारा उपार्जन केंद्र में भी कार्रवाई
सहकारिता विभाग के संयुक्त जांच दल की जांच में पाया गया कि जारा उपार्जन केंद्र में कुल 54 हजार 905 क्विंटल 60 किलो धान की खरीदी की गई थी, जिसके विरुद्ध 54 हजार 536 क्विंटल 82 किलो धान का उठाव किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 368.78 क्विंटल धान, जिसकी बाजार कीमत करीब 8 लाख 48 हजार 194 रुपए है, केंद्र में भौतिक रूप से अनुपलब्ध पाया गया। इस गड़बड़ी के कारण शासन और समिति को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन ने इस मामले में उपार्जन केंद्र प्रभारी परदेशी राम साहू, समिति प्रभारी पंच राम ध्रुव और कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक साहू के खिलाफ थाना पलारी में FIR दर्ज कराई। (Amarkot Procurement Center)



