PM मोदी ने 103 अमृत स्टेशनों का किया उद्घाटन, कहा- ट्रेनें देश की नई गति और प्रगति को दर्शाती हैं

103 Amrit Stations Started: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया, जिन्हें 1,100 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से विकसित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,300 से ज्यादा स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिन्हें क्षेत्रीय वास्तुकला को दर्शाने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। PM मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही 26,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
यह भी पढ़ें:- अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चूरू-सादुलपुर रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखी। वहीं सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) और समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल लाइन विद्युतीकरण राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज दुनिया भी भारत में हो रहे विकास कार्यों को देखकर हैरान है। उत्तर में चिनाब ब्रिज, पूर्व की ओर अरुणाचल की सेला टनल, असम का बोगीबील ब्रिज जैसे निर्माण आपका स्वागत करते हैं, अगर आप पश्चिम भारत आएंगे तो आपको मुंबई में समुद्र के ऊपर बना अटल सेतु दिखेगा। दक्षिण में आपको पम्बन ब्रिज दिखेगा जो देश में अपनी तरह का पहला ब्रिज है। आज भारत अपने रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण भी कर रहा है। वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत ट्रेनें देश की नई गति, नई प्रगति को दर्शाती हैं। (103 Amrit Stations Started)
अमृत भारत स्टेशन योजना
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम एक साथ देश के 1,300 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। आधुनिक हो रहे इन रेलवे स्टेशनों को देश ने ‘अमृत भारत स्टेशन’ का नाम दिया है। इनमें से 100 से ज्यादा अमृत भारत स्टेशन बनकर तैयार हैं। ‘विकास भी-विरासत भी’ मंत्र का नजारा इन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों पर साफ-साफ दिखाई देता है। विकसित भारत बनाने के लिए देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। हमारे देश की सड़कें, एयरपोर्ट, रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हो, इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कामों पर देश पहले जितना पैसा खर्च करता था, आज उससे 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है। अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैंकड़ों रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं। (103 Amrit Stations Started)
पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना
PM मोदी ने कहा कि राजस्थान के औद्योगिक विकास के लिए भी डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही है। अलग-अलग सेक्टर के लिए यहां भजनलाल जी की सरकार ने नई औद्योगिक नीतियां जारी की हैं। बीकानेर को भी इन नई नीतियों का लाभ मिलेगा। राजस्थान में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इस योजना से राजस्थान के 40,000 से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। इससे लोगों का बिजली बिल जीरो हुआ है और लोगों को सोलर बिजली पैदा करके कमाई का नया रास्ता भी मिला है। एक तरफ हम सिंचाई परियोजनाओं को पूरा कर रहे हैं और साथ ही नदियों को जोड़ रहे हैं। पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना से राजस्थान के अनेक जिलों को लाभ होगा, यहां की धरती, यहां के किसानों को फायदा होगा। (103 Amrit Stations Started)
गांव-गांव में अच्छी सड़कें बन रही: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान के गांव-गांव में अच्छी सड़कें बन रही हैं। बॉर्डर के इलाकों में भी शानदार सड़कें बन रही हैं। इसके लिए बीते 11 साल में अकेले राजस्थान में करीब-करीब 70,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राजस्थान में रेलवे के विकास के लिए भी केंद्र सरकार इस साल करीब 10,000 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। यह 2014 से पहले की तुलना में 15 गुना ज्यादा है। मैंने मुंबई के लिए एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई है। आज ही कई इलाकों में स्वास्थ्य, जल और बिजली से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इन सभी प्रयासों का लक्ष्य है हमारे राजस्थान के शहर हों या गांव, तेजी से उन्नति की ओर बढ़ सकें। राजस्थान के युवाओं को उनके शहर में ही अच्छे अवसर मिल सकें। (103 Amrit Stations Started)
छत्तीसगढ़ को 5 स्टेशनों की सौगात
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर में 103 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया है। इसमें से तेलंगाना में 3 रेलवे स्टेशन हैं, उनमें से एक बेगमपेट स्टेशन है, इसमें रेलवे स्टाफ केवल महिलाएं होंगी। भारत सरकार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भारत में रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कर रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री मोदी की ओर से 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है और इनमें से 5 हमारे राज्य के हैं। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया है। मैं पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं। (103 Amrit Stations Started)



