Google Analytics —— Meta Pixel

विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना साकार करने सभी अधिकारी निष्ठा और प्रतिबद्धता से करें काम: CM साय

CM Meeting in Balod: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत बालोद के संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक की। CM साय ने बालोद, नारायणपुर और कांकेर जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सतत निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की वास्तविक प्रगति का मूल्यांकन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पीरियड से जुड़ी भ्रांतियों, चुप्पियों और पर्यावरणीय चुनौतियों पर विचार करने का अवसर: साव

उन्होंने बताया कि आम जनता से प्राप्त सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि बीते डेढ़ सालों में राज्य सरकार की ओर से किए गए कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री साय ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वच्छता के प्रति विशेष रूचि लेकर कार्य करें और सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त स्वच्छता संबंधी आवेदनों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन का सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में परिलक्षित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से दौरा कर निर्माण और विकास कार्यों का मौका मुआयना करने के साथ ही जनसमस्याओं का त्वरित निदान का काम करें। (CM Meeting in Balod)

किसानों को प्रेरित करने की आवश्यकता: CM साय

मुख्यमंत्री ने फसल चक्र को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने बालोद जिले में गन्ना और कांकेर और नारायणपुर जिलों में दलहन-तिलहन फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक रणनीति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब से जनता में असंतोष उत्पन्न होता है। उन्होंने जिला और तहसील स्तर पर नियमित रूप से राजस्व न्यायालय की तिथि सुनिश्चित करने के साथ सभी लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारियों को बरसात से पहले सीमांकन कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। (CM Meeting in Balod)

परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताया

मुख्यमंत्री ने आजीविकामूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने, ड्रोन दीदी कार्यक्रम पर विशेष ध्यान केंद्रित करने और अधोसंरचना विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के संबंध में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निदान करने और विशेषकर विद्यार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय ने बालोद जिले के परीक्षा परिणामों पर असंतोष व्यक्त किया और सुधारात्मक उपाय तत्काल अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, हर घर जल, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। (CM Meeting in Balod)

500 करोड़ रुपए की सौगात

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर बालोद जिले के देवरी और डौंडीलोहारा में 500 करोड़ रुपए की लागत से 400/220/132 केवी उच्चदाब उपकेंद्र और 11.47 करोड़ रुपए की लागत से जुनवानी से चिखली सड़क मार्ग निर्माण की जानकारी भी साझा की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस., दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्य नारायण राठौर, बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह, बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, नारायणपुर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई, संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। (CM Meeting in Balod)

Back to top button
error: Content is protected !!