आतंक का फन अगर फिर उठेगा तो भारत उसे बिल से खींचकर कुचलने का काम करेगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 48 हजार 520 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी को काराकाट में मधुबनी कला से चित्रित शॉल और चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है। यहां करीब 50 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। आप सब बड़ी संख्या में हमें आर्शीवाद देने आए। आपका ये स्नेह और बिहार का ये प्यार मैं इसे हमेशा सर आंखों पर रखता हूं।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान बातचीत को लेकर गंभीर है तो हमें हाफिज और मसूद सौंप दे: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए। इस जघन्य आतंकी हमले के एक दिन बाद मैं बिहार आया था और मैंने बिहार की धरती से देश से वादा किया था, वचन दिया था। बिहार की धरती से आंख में आंख मिलाकर हमने कहा दिया था कि आतंक और आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। बिहार की धरती से मैंने कहा था कि उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। आज जब भी मैं बिहार आया हूं तो अपना वचन पूरा करने के बाद आया हूं, जिन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया। (PM Modi in Bihar)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति क्या होती है, ये पाकिस्तान ने भी देखा और दुनिया ने भी देखा, जिस पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में आतंकी खुद को सुरक्षित मानते थे। हमारी सेनाओं ने एक ही झटके में उनको भी घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान के एयरबेस, उनके सैन्य ठिकाने हमने कुछ ही मिनट में तबाह कर दिए। ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है। PM ने कहा कि ये हमारा वीर कुंवर सिंह की धरती है। यहां के हजारों नौजवान देश की सुरक्षा के लिए सेना और BSF में अपनी जवानी न्योछावर कर देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने हमारी BSF का भी अभूतपूर्व पराक्रम और अदम्य साहस देखा है। (PM Modi in Bihar)

उन्होंने कहा कि हमारी सीमाओं पर तैनात BSF के जाबांज सुरक्षा की अभेद चट्टान हैं। मां भारती की रक्षा हमारे BSF के जवानों के लिए सर्वोपरि है। यही मातृभूमि की सेवा का पवित्र कर्तव्य निभाते हुए 10 मई को सीमा पर BSF सब-इंस्पेक्टर इम्तियाज शहीद हो गए थे। मैं बिहार के इस वीर बेटे को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं और मैं बिहार की धरती से फिर दोहराना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की जो ताकत दुश्मन ने देखी है, दुश्मन समझ ले कि ये तो हमारे तरकश का केवल एक ही तीर है। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई न रुकी है न थमी है। आतंक का फन अगर फिर उठेगा तो भारत उसे बिल से खींचकर कुचलने का काम करेगा। (PM Modi in Bihar)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के लोग इस बात के गवाह हैं कि हमने पिछले सालों में हिंसा और अशांति फैलाने वालों को कैसे खत्म किया है। कुछ साल पहले सासाराम और आस-पास के जिलों में किस तरह नक्सलवाद हावी था। इन लोगों को बाबा साहब अंबेडकर पर कोई भरोसा नहीं था। उस परिस्थिति में भी नीतीश कुमार ने यहां विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया। 2014 से पहले देश में सवा सौ से ज्यादा जिले नक्सल प्रभावित थे, अब सिर्फ 18 जिले नक्सल प्रभावित बचे हैं। अब सरकार सड़क भी दे रही है, रोजगार भी दे रही है। वो दिन दूर नहीं जब नक्सली हिंसा का पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा। शांति, सुरक्षा, शिक्षा और विकास गांव-गांव तक बिना रुकावट के पहुंचेंगे। (PM Modi in Bihar)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और RJD वालों ने कभी दलित, पिछड़ों की इतनी तकलीफों की चिंता तक नहीं की। ये लोग विदेशियों को बिहार की गरीबी दिखाने के लिए घुमाने लाते थे। अब जब दलित, पिछड़े वर्ग ने कांग्रेस के पापों की छोड़ दिया है तो इन्हें अपना अस्तित्व बताने के लिए सामाजिक बातें याद आ रही हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि खुशी की बात है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने जाति आधारित गणना कराने का निर्णय लिया है इसके लिए मैं नमन और अभिनंदन करता हूं। ये बहुत बड़ी बात है। पहले भी हम ही इसकी मांग करते थे दूसरी पार्टी के लोग नहीं। (PM Modi in Bihar)



