Bhilai fraud case : ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर 1.30 करोड़ की ठगी, प्रॉपर्टी डीलर से रकम दोगुनी करने का दिया लालच, आरोपी गिरफ्तार
Bhilai fraud case : भिलाई की वैशाली नगर पुलिस ने एक बड़ी ठगी के मामले में 1.30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर को जल्द रकम दोगुना करने का लालच देकर ठगा। पुलिस ने निखिल चंद्राकार नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।
यह भी पढ़ें :- Bilaspur COVID cases : बिलासपुर में कोरोना के 3 नए मामले, हाईकोर्ट परिसर में मास्क अनिवार्य, एक्टिव केस बढ़कर 14
कोहका निवासी ज्ञान प्रकाश साहू (37) ने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ माइंड एंड मेमोरी ट्रेनिंग का व्यवसाय करता है। उसकी मुलाकात 2019 में उत्तम कुमार साहू, निखिल चंद्राकार, पवन साहनी और उमेश पटेल से हुई। चारों ने उसे बताया कि वे “Infynox Capital” नामक ट्रेडिंग कंपनी चलाते हैं, जो डॉलर, यूरो, GBP और XAU जैसी करेंसी पेयर में ट्रेडिंग करती है और इसमें निवेश करने पर हर माह 10-20% मुनाफा मिलता है। (Bhilai fraud case)
उन्होंने ज्ञान को झांसा दिया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम से उनके पैसे को तेजी से बढ़ाया जाएगा। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने WhatsApp लिंक भेजा और KYC भरवाया। इसके बाद ज्ञान प्रकाश ने अपने HDFC खाते से अलग-अलग खातों में कुल 1.19 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए और 5 लाख नकद दिए। निखिल के खाते में 58 लाख, पवन के खाते में 27 लाख और उमेश को 8 लाख नकद दिए गए। कुल मिलाकर ज्ञान ने 2.5 करोड़ से अधिक की राशि दी।
बाद में उनमें से करीब 1.22 करोड़ रुपये लौटाए गए, लेकिन 1.30 करोड़ से अधिक की रकम नहीं मिली। पैसा मांगने पर आरोपियों ने “Rozo Trade FX Ltd.” नामक दूसरी कंपनी में निवेश का लालच दिया। ज्ञान ने जब ठोस जवाब मांगा तो 27 जुलाई 2023 को आरोपियों ने एक इकरारनामा तैयार किया, जिसमें पैसा लौटाने का वादा किया गया। (Bhilai fraud case)
वैशाली नगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर एक आरोपी निखिल चंद्राकार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। शेष तीनों आरोपियों की तलाश जारी है। (Bhilai fraud case)



