Google Analytics —— Meta Pixel

CM Vishnu Deo Sai : मुख्यमंत्री ने अपेक्स बैंक अधिकारी के पदभार ग्रहण समारोह में की शिरकत, फरसाबहार शाखा का किया वर्चुअल उद्घाटन

CM Vishnu Deo Sai : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी श्री केदारनाथ गुप्ता के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने जशपुर जिले के फरसाबहार में अपेक्स बैंक की नई शाखा का वर्चुअल शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में “सहकार से समृद्धि” की संकल्पना को साकार किया जा रहा है। उनकी प्रेरणा से प्रदेश की प्रत्येक घर-गांव को सहकारिता से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री गुप्ता के नेतृत्व में सहकारी व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। (CM Vishnu Deo Sai)

यह भी पढ़ें :- CM Vishnu Deo Sai : संतु चक्रेस को मिला सपनों का आशियाना, मुख्यमंत्री से पक्के मकान की चाबी पाकर भावुक हुए बुजुर्ग

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ मिलकर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में शुरू हुए दुधारू पशु वितरण योजना के तहत प्रदेश के 6 जिलों में हितग्राहियों को दो-दो गायें दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा देने के लिए इस वर्ष पंचायती राज दिवस से 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। अगले पंचायती राज दिवस तक यह सुविधा सभी पंचायतों तक पहुंचा दी जाएगी। (CM Vishnu Deo Sai)

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सहकारिता के क्षेत्र में हुए बदलावों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अल्पकालिक कृषि ऋण अब शून्य ब्याज दर पर किसानों को मिल रहा है, जिससे उन्हें बड़ा लाभ हुआ है। फरसाबहार में नई शाखा खुलने से अब ग्रामीणों को 50-60 किलोमीटर दूर पत्थलगांव नहीं जाना पड़ेगा।

डॉ. रमन सिंह का संबोधन

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने श्री वामनराव लाखे और ठाकुर प्यारेलाल जैसे सहकारिता के पुरोधाओं को याद करते हुए कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष है और केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह के प्रयासों से इस क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय की धान खरीदी नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ और ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने वाला देश का पहला राज्य छत्तीसगढ़ बना है।

डॉ. सिंह ने अपेक्स बैंक के 40 हजार करोड़ रुपये के टर्नओवर और 7500 करोड़ रुपये के ऋण वितरण की उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहकारिता और अपेक्स बैंक से जुड़ें।

सत्य साईं अस्पताल को CSR सहायता

इस समारोह में मजगांव डॉक शिप बिल्डर्स लिमिटेड ने सत्य साईं हृदय चिकित्सालय को अपनी CSR गतिविधियों के तहत 2.25 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस योगदान के लिए कंपनी को धन्यवाद दिया।

उपस्थित गणमान्यजन

कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, विधायकगण श्री राजेश मूणत, श्री अनुज शर्मा, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, गुरु खुशवंत साहेब, श्री सुनील सोनी, निगम-मंडलों के अध्यक्षगण, अपर मुख्य सचिव सहकारिता श्री सुब्रत साहू एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। (CM Vishnu Deo Sai)

Back to top button
error: Content is protected !!