Maini river tragedy : सरगुजा की मैनी नदी में बहीं दो महिलाएं और दो बच्चे, एक महिला का शव मिला, तीन अब भी लापता
Maini river tragedy : सरगुजा संभाग के सीतापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम मैनी नदी पार करते समय बह गए दो महिलाओं और दो बच्चों की तलाश में शनिवार को रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया गया। इस दौरान एक महिला का शव नदी के बीच पत्थरों में फंसा मिला है, जबकि तीन अन्य—एक महिला और दो बच्चे—अब भी लापता हैं। रेस्क्यू टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन नदी का तेज बहाव बाधा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें :- Bhilai sextortion case : कंपनी मालिक से अप्राकृतिक संबंध बनाकर वीडियो से ब्लैकमेल, 29 लाख की वसूली, आरोपी गिरफ्तार
ढोढ़ागांव निवासी सोमारी बाई (45 वर्ष), उनकी पोती अंकिता (8 वर्ष), पड़ोसन बीनावती (30 वर्ष) और उसकी तीन वर्षीय बेटी आयरस गुरुवार दोपहर जंगल में पूटू बीनने गई थीं। लौटते समय उन्हें मैनी नदी पार करनी थी, लेकिन जशपुर जिले में हुई भारी बारिश के कारण नदी उफान पर थी। नदी पार करते समय चारों तेज बहाव में बह गए।
शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। कुछ लोगों ने उन्हें नदी में बहते हुए देखने की बात कही। मामले की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई, जिनके निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार को जलस्तर अधिक होने के कारण रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया और टीम को लौटना पड़ा। (Maini river tragedy)
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एक महिला का शव नदी के बीच पत्थरों में फंसा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। शेष तीनों की तलाश जारी है। (Maini river tragedy)
भारी बारिश बनी चुनौती
सरगुजा संभाग में बीते चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं। मैनी नदी एक पहाड़ी नदी है, जिसका तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौती बना हुआ है। प्रशासन ने मनेंद्रगढ़, कोरिया और सूरजपुर जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ढोढ़ागांव गांव में घटना के बाद शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। (Maini river tragedy)



