Google Analytics —— Meta Pixel

Ahmedabad train sabotage : वंदे भारत ट्रेन पर बड़ी साजिश नाकाम: रेलवे ट्रैक पर रखा गया लोहे का एंगल, सतर्क लोकोपायलट ने बचाई सैकड़ों जानें

Ahmedabad train sabotage : शनिवार रात अहमदाबाद के चांदलोडिया और खोडियार रेलवे स्टेशनों के बीच एक गंभीर रेल हादसा टल गया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर लगभग 20 फीट लंबा लोहे का एंगल रख दिया था, जिससे तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन को टक्कर लग सकती थी। यह साजिश सफल होती तो देश को एक भीषण रेल दुर्घटना का सामना करना पड़ता।

यह भी पढ़े :- Iran Israel Ceasefire : ईरान-इज़राइल युद्ध समाप्त: सीजफायर लागू, डोनाल्ड ट्रंप ने की घोषणा

सतर्कता से टली दुर्घटना

22 जून की रात 8:58 बजे वेरावल से साबरमती जा रही वंदे भारत ट्रेन संख्या 26902 जैसे ही खोडियार स्टेशन के पास पहुंची, ट्रेन के लोकोपायलट को ट्रैक पर गड़बड़ी नजर आई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया। को-पायलट की मदद से लोहे के एंगल को हटाया गया और पूरी ट्रेन की जांच के बाद केवल 9 मिनट की देरी से ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।

रेलवे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर भगवत बेहरा को कंट्रोल रूम से चेतावनी संदेश मिला था, जिसके बाद जांच शुरू हुई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह एंगल जानबूझकर इस प्रकार रखा गया था कि ट्रेन की तेज गति से टकरा कर दुर्घटना हो।

वंदे भारत थी साजिश का निशाना

घटना से कुछ समय पहले एक खाली मालगाड़ी इसी ट्रैक से गुजरी थी, जो सुरक्षित निकल गई। इससे यह संदेह और गहराया कि वंदे भारत को ही निशाना बनाकर यह साजिश रची गई थी।

पुलिस जांच जारी

चांदलोडिया पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ IPC की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। (Ahmedabad train sabotage)

संयोग और सतर्कता ने बचाई जानें

रेलवे जांच के दौरान यह भी पाया गया कि ट्रैक का एक हिस्सा किनारे की ओर मुड़ गया था, जिससे ट्रेन टक्कर से बच गई। यह एक दुर्लभ संयोग था जिसमें लोकोपायलट की सतर्कता और किस्मत दोनों ने देश को एक बड़ी त्रासदी से बचा लिया। (Ahmedabad train sabotage)

Back to top button
error: Content is protected !!