Chhattisgarh : साप्ताहिक बाजार में आरक्षक पर जानलेवा हमला, नक्सली संलिप्तता की आशंका
Chhattisgarh के बीजापुर जिले के पदेड़ा गांव में सोमवार देर शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान पुलिस कांस्टेबल पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आरक्षक संतू राम पोटामी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में नक्सली हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह घटना बीजापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पदेड़ा में 23 जून को दोपहर लगभग 4 से 5 बजे के बीच घटित हुई। साप्ताहिक बाजार में मौजूद कांस्टेबल पर अचानक कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियारों से हमला किया और मौके से फरार हो गए।
घायल कांस्टेबल को पहले चेरपाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है, लेकिन नियंत्रण में है। (Chhattisgarh News)
नक्सली हमले की आशंका, जांच जारी
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के पीछे नक्सली तत्वों की संलिप्तता की संभावना जता रही हैं। बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि आरक्षक संतू राम पोटामी जिला पुलिस बल में पदस्थ हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। (Chhattisgarh News)



