रायपुर DEO कार्यालय में भीषण आग, महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज जलकर खाक
रायपुर : शहर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। आग मुख्य रूप से कार्यालय के डॉक्यूमेंट स्टोर रूम में लगी, जहां रखी कई महत्वपूर्ण फाइलें और रिकॉर्ड पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टोर रूम में रखे गए कई अहम प्रशासनिक और शैक्षणिक दस्तावेज अब दोबारा प्राप्त करना मुश्किल होगा। इससे शिक्षा विभाग के कार्यों पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल आसपास की बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि आग और न फैल सके। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



