छत्तीसगढ़ विधानसभा में सियासी घमासान, धान खरीदी और कानून-व्यवस्था पर टकराव की संभावना!
CG Vidhan Sabha Winter Session 2025 : छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र रविवार से अटल नगर स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन में शुरू हो गया। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों के चलते सत्र के पहले ही दिन से सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार बन गए हैं। सीमित अवधि के बावजूद सवालों और स्थगन प्रस्तावों की भरमार से सदन का माहौल गरम रहने की संभावना है।
यह भी पढ़े :- ‘अखंडा 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, ओपनिंग वीकेंड में 61 करोड़; 2025 की चौथी सबसे बड़ी टॉलीवुड फिल्म बनी
19 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से कुल 628 प्रश्न लगाए गए हैं, जिनमें 333 तारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य और क्षेत्रीय मुद्दों पर 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं दी गई हैं। विपक्ष ने सत्र के सभी दिनों के लिए स्थगन प्रस्ताव लाने की रणनीति पहले ही तय कर ली है। (CG Vidhan Sabha Winter Session 2025)
सूत्रों के अनुसार, 15 दिसंबर को विपक्ष प्रदेश में धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसके बाद नई गाइडलाइन दरों और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सदन में टकराव की स्थिति बन सकती है। धान खरीदी को लेकर सत्तापक्ष के कई विधायक भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठाने के संकेत दे चुके हैं।
धान खरीदी में गड़बड़ी और किसानों की परेशानियों को लेकर विपक्ष सरकार से सीधे जवाब मांगेगा। यदि सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो सदन में कार्यवाही बाधित होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
सत्र के दौरान सरकार छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन) संशोधन विधेयक सदन में पेश करेगी। इसके अलावा 15 दिसंबर को चालू वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा। कुल मिलाकर शीतकालीन सत्र में सियासी घमासान तय माना जा रहा है। (CG Vidhan Sabha Winter Session 2025)



