अरुण साव पर टिप्पणी से सियासी घमासान, डिप्टी सीएम विजय शर्मा का भूपेश बघेल पर तीखा प्रहार, कहा…
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उपमुख्यमंत्री अरुण साव की तुलना को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। मंत्री टंकराम वर्मा के बाद अब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोलते हुए भूपेश बघेल पर सीधा और कड़ा हमला बोला है।
यह भी पढ़े :- भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा छत्तीसगढ़: गजेन्द्र सिंह शेखावत
मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल भले ही वरिष्ठ नेता हों, लेकिन इस तरह की भाषा किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की एक मर्यादा होती है, जिसे समझना जरूरी है।
विजय शर्मा ने तंज कसते हुए कहा- “जिस तरह भाषा की सीमा नहीं समझी गई, उसी तरह पिछली सरकार में भ्रष्टाचार की भी कोई सीमा नहीं समझी गई।”
‘भ्रष्टाचार में भी नवाचार किया गया’
विजय शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऐसा भ्रष्टाचार हुआ, जो शायद देश में कहीं और देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार में भी नवाचार किया गया।”
‘अपने परिवार पर हो तो कैसा लगेगा’
डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि किसी के परिवार के सदस्य पर इस तरह की टिप्पणी की जाए, तो उसे भी अच्छा नहीं लगेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि,
“हमारी पार्टी की संस्कृति किसी को गिराने की नहीं, बल्कि गिरे हुए को उठाने की है।”
नक्सली आत्मसमर्पण पर संयमित प्रतिक्रिया
तेलंगाना में नक्सली बारसे देवा और उसके साथियों के आत्मसमर्पण को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने अफवाहों से बचने और संयम बरतने की अपील की।
कांग्रेस संगठन पर ली चुटकी
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी अब तक गठित न होने के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सक्रिय नेता हैं और अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन यह भी देखा जाना चाहिए कि उनकी कितनी “टांग खींची जा रही है”। उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।
23 जनवरी से लागू होगा पुलिस कमिश्नरी सिस्टम
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने यह भी घोषणा की कि 23 जनवरी से रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अधोसंरचना का पूर्वावलोकन भी किया जा चुका है।



