Google Analytics —— Meta Pixel

मकर संक्रांति से पहले लहूलुहान हुई रायपुर की सड़कें, चाइनीज मांझे से युवती गंभीर रूप से घायल

Accident by Chinese Kite: चाइनीज मांझा कभी सिर्फ पतंग उड़ाने की डोर था, जो आज राजधानी की सड़कों पर चलती जिंदगी के लिए जानलेवा हथियार बन चुका है। कब, कहां और किसकी सांसें रोक दे, इसका कोई अंदाजा नहीं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाइनीज मांझे ने खून बहाया है। लाखे नगर स्थित टिल्लू चौक इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर 20 साल की नेहा यादव गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती के चेहरे, होंठ और हाथ की उंगलियों में गहरी चोटें आई हैं। नेहा को 10 टांके लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- तेलंगाना में हैवानियत, 3 दिनों में 300 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारा, सरपंच समेत 9 पर FIR

जानकारी के मुताबिक ब्राह्मण पारा की रहने वाली नेहा यादव पैदल ही घर से मंदिर जा रही थी। इसी दौरान पतंग में लगा चाइनीज मांझा अचानक उसके गले में फंस गया। गले को बचाने की कोशिश में नेहा के होंठ और हाथ की उंगलियां बुरी तरह कट गई।घटना के बाद नेहा घर पहुंचा, जिसके बाद परिजन तत्काल नेहा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद टांके लगाए। नेहा ने बताया कि वह मांझा इतना तेज था कि पलक झपकते ही उसने त्वचा को काट दिया। अगर वह हाथ से मांझा नहीं रोकती तो गर्दन पर गहरा घाव हो सकता था। रायपुर में चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे कोई नई बात नहीं हैं। बीते सालों में यह धागा कई जिंदगियों को नुकसान पहुंचा चुका है।

रायपुर में चाइनीज मांझे से हुई घटनाएं

तारीख घटना
फरवरी 2024 बाइक से जा रहे छात्र के गले में गहरी चोट 
20 दिसंबर 2024 19 साल के नीट छात्र की गर्दन में गंभीर चोट
19 जनवरी 2025 7 साल के पुष्कर साहू की गला कटने से मौत
20 जनवरी 2025 महिला वकील पूर्णांशा कौशिक घायल
13 फरवरी 2025 बुजुर्ग शख्स गंभीर रूप से घायल
3 जनवरी 2026 युवक की नाक कट गई
12 जनवरी 2026 युवती के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट

लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद प्रशासन हरकत में आया है। मकर संक्रांति पर्व से पहले राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री का मामला सामने आने पर पर्यावरण संरक्षण मंडल रायपुर और नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुढ़ियारी इलाके में कार्रवाई की। जोन क्रमांक 1 और 5 की टीम ने बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 स्थित प्रयास हॉस्टल के पास दो पतंग दुकानों पर छापेमारी कर चाइनीज मांझा जब्त किया। दोनों दुकानों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कुल 10 हजार रुपए वसूले गए। (Accident by Chinese Kite)

इससे पहले बूढ़ापारा और गोलबाजार इलाके में भी 4.5 किलो चाइनीज मांझा जब्त कर दुकानदारों पर कार्रवाई की जा चुकी है। रायपुर में ताजा हादसे के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं चाइनीज मांझे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इससे लोगों की जान जा रही है। इसका उपयोग बिल्कुल नहीं होना चाहिए। हम लोगों से अपील करते हैं कि चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें।

सावधानी ही सुरक्षा…!

लगातार हो रही इन घटनाओं ने शासन और प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या महज कुछ हजार रुपयों का जुर्माना उन लोगों के लिए पर्याप्त है, जो चंद पैसों के मुनाफे के लिए लोगों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं ? जानकारों का मानना है कि जब तक इस जानलेवा मांझे की बिक्री पर गैर-जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सड़कों पर मौत का यह खेल बंद नहीं होगा। सावधानी ही सुरक्षा है। इसलिए मकर संक्रांति के दौरान दुपहिया वाहन चलाते समय गले में मफलर या हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और बच्चों को अकेले सड़कों पर न जाने दें। (Accident by Chinese Kite )

Back to top button
error: Content is protected !!