अंबिकापुर रेप-हत्या कांड का आरोपी गिरफ्तार: 35 हजार का इनामी दबोचा गया
Ambikapur Crimes News : बहुचर्चित महिला दुष्कर्म एवं हत्या मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पांडा उर्फ मिथुन को घटना के आठवें दिन शुक्रवार को एमसीबी जिले के चिरमिरी से पकड़ा गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही अंबिकापुर पुलिस की टीम चिरमिरी के लिए रवाना हो गई है।
यह भी पढ़े :- कांकेर में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 3 घायल, CM ने जताया शोक
पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात शहर के रिंग रोड स्थित एक मटन शॉप में हुई थी। आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में घटना की बर्बरता सामने आई, जिसमें महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार था। बताया जाता है कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे।
आरोपी मूलतः सूरजपुर जिले के प्रतापपुर का रहने वाला है और पिछले करीब सात वर्षों से अंबिकापुर में रह रहा था। घटना के बाद उसे अंतिम बार रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली थी। उसकी तलाश में पुलिस ने सिलफिली क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया था।
35 हजार का था इनाम
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाया था। सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 30 हजार रुपये और पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। साथ ही, संभाग के सभी थानों में आरोपी का फोटो और स्केच भेजा गया था तथा चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। (Ambikapur Crimes News)
शुक्रवार को एमसीबी पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर इसकी सूचना सरगुजा पुलिस को दी। पुलिस अधीक्षक Rajesh Agrawal ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को अंबिकापुर लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। (Ambikapur Crimes News)



