कांकेर में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 3 घायल, CM ने जताया शोक
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नथिया-नवागांव के पास हुआ।
यह भी पढ़े :- आदिवासियों से 5 बच्चे पैदा करने की अपील पर सियासत तेज, नंदकुमार साय के बयान पर बोले CM साय, कहा….
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनपुरी निवासी एक आरक्षक का परिवार शादी समारोह में शामिल होने कांकेर आया था। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक सात वर्षीय बच्चा भी शामिल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में आरक्षक का पूरा परिवार प्रभावित हुआ है, जिससे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रशासन द्वारा मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य संचालित किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।




